सेवानिवृत्त होने पर ASI रामखिलावन साहू और संतोष केरकेट्टा को मिली भावभीनी विदाई, ASP ने किया सम्मानित

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित हुआ विदाई समारोह, बेहतर स्वास्थ्य व उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं
जांजगीर-चांपा। पुलिस विभाग में अपनी लंबी, अनुशासित और समर्पित सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए दो सहायक उप निरीक्षकों (ASI) के सम्मान में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभा कक्ष में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। SDOP कार्यालय अकलतरा में पदस्थ ASI रामखिलावन साहू और थाना नवागढ़ में पदस्थ ASI संतोष केरकेट्टा को विभाग से भावभरी विदाई दी गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने शॉल, श्रीफल व स्मृति-चिन्ह देकर किया सम्मानित
विदाई समारोह के दौरान नव पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) यूलैण्डन यार्क ने दोनों सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों को शॉल, श्रीफल और स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। ASP ने उनके द्वारा दी गई दीर्घ सेवाओं की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति निष्ठा एवं समर्पण का दायित्व है, जिसे दोनों अधिकारियों ने बखूबी निभाया।
समारोह में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त हुए दोनों सहयोगियों के साथ बिताए समय और उनके सेवा कार्यों को याद किया। कार्यक्रम में DSP मुख्यालय विजय पैकरा, CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, मुख्य लिपिक दिनेश शर्मा और रीडर-1 ASI अश्वनी राठौर सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।



