रायपुर: 20 एकड़ में बन रहा सरकारी इंटरनेशनल बोर्डिंग स्कूल, छात्रों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

नवा रायपुर के सेक्टर-32 में निर्माणाधीन आवासीय विद्यालय में आधुनिक शैक्षणिक, खेल और हॉस्टल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। विधानसभा में सरकार ने बताया कि निर्माण कार्य लगभग 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
🔴 Aaj Ki Baat News | रायपुर
नवा रायपुर के सेक्टर-32 में लगभग 20 एकड़ क्षेत्र में सरकारी इंटरनेशनल बोर्डिंग स्कूल का निर्माण किया जा रहा है। विधानसभा के मानसून सत्र में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के लिखित उत्तर के अनुसार परियोजना का लगभग 70 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। स्कूल में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आवासीय और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
चार साल से चल रहा है निर्माण कार्य
सरकार के अनुसार परियोजना को 5 अक्टूबर 2021 को प्रशासनिक स्वीकृति मिली थी, जबकि 10 सितंबर 2022 से निर्माण कार्य शुरू हुआ। परियोजना की स्वीकृत लागत लगभग ₹49.52 करोड़ से ₹54 करोड़ के बीच है और अब तक ₹35.89 करोड़ खर्च किए जा चुके हैं। बजट स्वीकृति में देरी के कारण कुछ समय के लिए निर्माण कार्य प्रभावित हुआ था, जिसके बाद आवश्यक वित्तीय मंजूरियां मिलने पर काम में फिर तेजी आई।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा परिसर
परियोजना के प्रथम चरण में 700 विद्यार्थियों के अध्ययन और 328 विद्यार्थियों के आवास की व्यवस्था की जा रही है। परिसर में एकेडमिक ब्लॉक, हाई-टेक प्रयोगशालाएं, प्रशासनिक भवन, डाइनिंग हॉल, इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, ऑल-वेदर स्विमिंग पूल, हॉर्स राइडिंग ट्रैक और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। दूसरे चरण में ऑडिटोरियम और अतिरिक्त छात्रावास का निर्माण प्रस्तावित है।
बोर्ड और संचालन पर फैसला बाकी
सरकार को अभी यह तय करना है कि स्कूल किस शिक्षा बोर्ड से संबद्ध होगा। इसके अलावा शिक्षकों और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की भर्ती तथा विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया को लेकर भी अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है।
नवंबर तक निर्माण पूरा होने की उम्मीद
नवा रायपुर विकास प्राधिकरण (NRDA) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार ने कहा कि इंटरनेशनल बोर्डिंग स्कूल का निर्माण कार्य नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद स्कूल का संचालन किस व्यवस्था के तहत होगा, इसका अंतिम निर्णय स्कूल शिक्षा विभाग करेगा।




