जांजगीर पुलिस की हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था: दल्हा पहाड़ मेले में 5500 स्टील के कड़े और 150 पाव शराब जब्त


1 लाख श्रद्धालुओं की मौजूदगी में नाग पंचमी मेला शांतिपूर्ण संपन्न, झगड़ा रोकने एहतियातन उतरवाए भारी कड़े, साइबर जागरूकता सेल्फी स्टैंड बना आकर्षण का केंद्र
जांजगीर चाम्पा। नाग पंचमी के पावन अवसर पर अकलतरा क्षेत्र के ग्राम पोड़ी दल्हा पहाड़ पर आयोजित ऐतिहासिक मेले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता और हाईटेक इंतजाम किए। मेले में उमड़े करीब 1 लाख श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में पूरे मेला क्षेत्र पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी गई।
हमले में इस्तेमाल की आशंका पर उतरवाए 5500 भारी कड़े
मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संभावित मारपीट की घटनाओं को रोकने के लिए एएसपी डॉ. युलैण्डन यार्क, एएसपी यातायात उदयन बेहार एवं एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान पुलिस ने युवकों द्वारा पहने गए करीब 5500 भारी स्टील के कड़े उतरवाकर जमा कराए। इसके अलावा कुछ युवकों के पास से स्टील के पंचनुमा हथियार भी मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, इन भारी कड़ों का इस्तेमाल विवाद के दौरान घातक हथियार के रूप में किया जा सकता था।
150 पाव शराब जब्त, चप्पे-चप्पे पर पेट्रोलिंग

मेले में नशाखोरी और हुड़दंग पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पॉकेट, बैग और झोलों में छिपाकर ले जाई जा रही करीब 150 पाव देशी प्लेन व अंग्रेजी शराब जब्त की गई। मेला परिसर में पुलिस पेट्रोलिंग टीम लगातार मुस्तैद रही, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले पस्त रहे।
साइबर जागरूकता सेल्फी स्टैंड रहा आकर्षण का केंद्र
सुरक्षा के साथ-साथ पुलिस द्वारा मेला स्थल पर साइबर सुरक्षा को लेकर अनूठा जनजागरूकता अभियान भी चलाया गया। पहाड़ के शीर्ष, मंदिर परिसर और मुख्य रास्तों पर आकर्षक साइबर जागरूकता सेल्फी जोन बनाए गए थे। श्रद्धालुओं ने “मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं” संदेश के साथ उत्साहपूर्वक सेल्फी ली और सोशल मीडिया पर डिजिटल सुरक्षा का संदेश प्रसारित किया।
पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त, स्वयंसेवकों का मिला सहयोग
बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर, बलौदा सहित आसपास के जिलों से आए वाहनों के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग बनाई गई थी, जिससे यातायात सुचारू रहा। कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम पड़रिया की महिला कमांडो, पहाड़ मित्र, भीम रेजिमेंट, डॉ. अंबेडकर विचार युवा संगठन, आश्रम परिवार समिति और वन प्रबंध समिति के कार्यकर्ताओं का सराहनीय सहयोग रहा।




