स्वच्छता व्यवस्था परखने फील्ड में उतरे कलेक्टर जन्मेजय महोबे: 4 मणिकंचन केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, खुले में कचरा फेंकने पर लगेगा जुर्माना

खोखरा सेंटर में कचरा डंपिंग पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश; स्वच्छता दीदियों को सेफ्टी किट उपलब्ध कराने और विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने के आदेश।

जांजगीर-चांपा। नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला क्षेत्र में स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने मैदानी स्तर पर उतरकर कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर ने खोखरा सहित वार्ड क्रमांक 01, 04 एवं 18 स्थित चार मणिकंचन केंद्रों (एसएलआरएम) का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कचरा संग्रहण, पृथक्करण एवं निस्तारण की पूरी प्रक्रिया का जायजा लिया और खोखरा एसएलआरएम सेंटर में कचरे की डंपिंग पर पूर्णतः रोक लगाते हुए पुराने कचरे का वैज्ञानिक पद्धति से त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सोर्स सेग्रीगेशन अनिवार्य, बिना छंटाई कचरा देने पर कार्रवाई
कलेक्टर ने नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में स्रोत पर ही कचरा पृथक्करण (सोर्स सेग्रीगेशन) की व्यवस्था को कड़ाई से लागू किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से केवल अलग-अलग (गीला-सूखा) किया हुआ कचरा ही लिया जाए। दुकानदार निर्धारित कचरा गाड़ी में ही कचरा डालें; नियमों की अनदेखी करने वालों पर पहले समझाइश और फिर चालानी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही सड़क, नाली या खुले सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों पर नियमानुसार जुर्माना लगाने के सख्त आदेश दिए।

स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य व सुरक्षा पर विशेष ध्यान
केंद्रों के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वहां कार्यरत स्वच्छता दीदियों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी स्वच्छता दीदियों को ग्लव्स, मास्क, सेफ्टी शूज और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से नियमित दिए जाएं। साथ ही उनके संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष हेल्थ कैंप आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
वार्ड 18 में देखा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण
कलेक्टर ने वार्ड क्रमांक 18 में पहुंचकर घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था का प्रत्यक्ष मुआयना किया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों से निकलने वाले कचरे को चार अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर ही नगर पालिका की टीम को सौंपें और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल, उपाध्यक्ष मोहन यादव, पार्षद दिनेश राठौर और एसडीएम सुब्रत प्रधान सहित विभागीय अमला मौजूद रहा।




