जाँजगीर -चाँपा

जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी सत्यलता आनंद मिरी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, 1 जुलाई तक सभी कार्यालयों में लगेंगे योजना प्रचार बोर्ड

सामान्य प्रशासन समिति की बैठक में शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार, जल संरक्षण, राशन कार्ड और खरीफ तैयारी की हुई समीक्षा

🔴 आज की बात न्यूज | जांजगीर-चांपा

जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी की अध्यक्षता में जिला पंचायत सामान्य प्रशासन समिति की बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति, विकास कार्यों, प्रशासनिक व्यवस्था और जनहित से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

1 जुलाई तक सभी कार्यालयों में लगेंगे प्रचार-प्रसार बोर्ड

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी ने शासकीय योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी 1 जुलाई तक सभी शासकीय कार्यालयों में योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित करने के लिए सूचना बोर्ड एवं प्रचार सामग्री अनिवार्य रूप से स्थापित की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ तभी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगा, जब उनकी जानकारी आम जनता को सरलता से उपलब्ध होगी।

उद्योग एवं सहकारिता विभाग पर जताई नाराजगी

सामान्य प्रशासन समिति की बैठक में उद्योग एवं सहकारिता विभाग की नियमित बैठकें आयोजित नहीं किए जाने पर समिति सदस्यों ने नाराजगी व्यक्त की। विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा के लिए नियमित बैठकें आयोजित करने तथा उसकी जानकारी समिति को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश

बैठक में जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन पर विस्तृत चर्चा हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण सबसे महत्वपूर्ण विषयों में से एक है। उन्होंने निर्देश दिए कि तालाबों को पट्टे पर देने से पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि ग्रामीणों की निस्तारी और सिंचाई आवश्यकताओं के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध रहे। उन्होंने संबंधित विभाग को स्थल निरीक्षण कर तालाबों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने तथा पट्टे पर दिए गए सभी तालाबों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

राशन कार्ड और शिक्षा विभाग की हुई समीक्षा

खाद्य विभाग की समीक्षा के दौरान समिति ने राशन कार्ड बनाने, संशोधन एवं नाम जोड़ने से संबंधित सभी प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समिति ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े और सभी आवेदनों का त्वरित निपटारा किया जाए। वहीं शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान नोटिस एवं चेतावनी प्राप्त शिक्षकों की जानकारी तथा उनकी वर्तमान पदस्थापना का विवरण आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

खरीफ सीजन को लेकर खाद-बीज उपलब्धता पर जोर

बैठक में खरीफ फसल की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कृषि विभाग से खाद एवं बीज की उपलब्धता की जानकारी ली गई तथा अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध कराया जाए। समिति ने वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के भी निर्देश दिए।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, सभापति प्रियंका सिंह, प्रमिला साहू, महादेव नेताम, राजकुमार साहू, बबीता रात्रे, उमा राठौर, मोहन कुमारी साहू, आशा साव, सांसद प्रतिनिधि विवेका गोपाला सहित जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, प्रभारी उपसंचालक पंचराम धृतलहरे तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button