चांपा में निर्माणाधीन मकानों से बिजली तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि मामले में 2 विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल पाए गए।
जांजगीर चांपा। थाना चांपा पुलिस ने निर्माणाधीन मकानों से बिजली के तार और सीसीटीवी कैमरे चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 8 किलो जला हुआ कॉपर वायर, बिजली वायर, 750 रुपये नकद और तार काटने का कटर बरामद किया गया है।
चौकीदार की सतर्कता से खुला पहला मामला
कोरवा पारा स्थित एक निर्माणाधीन मकान में चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। चौकीदार की सूचना पर मकान की तलाशी लेने के दौरान एक आरोपी बिजली तार और कटर के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने पहले भी उसी मकान से करीब 30 हजार रुपये मूल्य के बिजली तार चोरी करना स्वीकार किया।
मारुति टाउनशिप में भी की थी चोरी
जांच के दौरान सामने आया कि गिरोह ने मारुति टाउनशिप स्थित एक अन्य निर्माणाधीन मकान से सीसीटीवी कैमरा और बिजली के तार भी चोरी किए थे। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
पूछताछ में खुला पूरा नेटवर्क
रंगे हाथ पकड़े गए आरोपी से पूछताछ में उसके अन्य साथियों के नाम सामने आए। आरोपियों ने चोरी किए गए बिजली तारों को जलाकर कॉपर वायर निकालने और उसे बेचने की बात स्वीकार की। इसके आधार पर पुलिस ने खरीददार सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 8 किलो जला हुआ कॉपर वायर, बिजली वायर, 750 रुपये नकद तथा तार काटने का कटर जब्त किया है।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कार्तिक दास महंत (23 वर्ष), नारायण चौहान (19 वर्ष) और मदन लाल बरेठ (35 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। वहीं जांच में 2 विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है।




