कलेक्टोरेट मुख्य मार्ग और एसपी बंगले के सामने आवारा मवेशियों पर एक्शन, पालिका ने लगाई नाइट ड्यूटी

रात 7 से 10 बजे तक सड़कों पर मुस्तैद रहेंगे 4 कर्मचारी, जियो-टैग फोटो के साथ भेजनी होगी रिपोर्ट
🔴 जांजगीर-नैला। नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला क्षेत्र के वीआईपी इलाकों में आवारा मवेशियों के जमावड़े को देखते हुए पालिका प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। कलेक्टोरेट मुख्य मार्ग और पुलिस अधीक्षक (एसपी) बंगले के सामने सड़कों पर बैठने वाले आवारा पशुओं को हटाने के लिए कर्मचारियों की विशेष रात्रि ड्यूटी लगाई गई है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने इस संबंध में अधिकृत आदेश जारी कर दिया है।
रात 7 से 10 बजे तक तैनात रहेंगे चार कर्मचारी
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सड़कों से आवारा मवेशियों को हटाने की जिम्मेदारी चार प्लेसमेंट कर्मचारियों को सौंपी गई है। इसमें रामनिवास राठौर, अनूज कश्यप, रमेश धीवर और दिलीप राठौर शामिल हैं। इन सभी कर्मचारियों का कार्य समय प्रतिदिन रात्रि 07:00 बजे से 10:00 बजे तक तय किया गया है।
जियो-टैग फोटो के साथ देनी होगी रिपोर्ट
सीएमओ ने कर्मचारियों को अपने दायित्वों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। कार्रवाई की पुष्टि के लिए कर्मचारियों को मौके से आवारा पशुओं को हटाते हुए जियो-टैग फोटो लेनी होगी और उसे संबंधित प्रभारी अधिकारी को रिपोर्ट के रूप में भेजना अनिवार्य किया गया है।
प्रशासन द्वारा की गई इस सख्ती से वीआईपी मार्गों पर आवागमन सुगम होने और रात के वक्त होने वाले सड़क हादसों पर रोक लगने की उम्मीद है।





