Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपासक्ती

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान कल सौंपेंगे ‘खुशियों की चाबी’, जांजगीर-चांपा के 8,546 परिवारों का होगा गृह प्रवेश

सक्ती जिले के ग्राम जेठा में सजेगा राज्य स्तरीय मंच, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और पंचायत मंत्री विजय शर्मा की मौजूदगी में मिलेगा पक्का आशियाना

🔴 जांजगीर-चांपा।  प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पक्के आशियाने का सपना देख रहे जांजगीर-चांपा जिले के 8,546 ग्रामीण परिवारों के जीवन में नई खुशियों की शुरुआत होने जा रही है। 11 सितंबर को सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे हितग्राहियों को उनके नवनिर्मित मकानों की ‘खुशियों की चाबी’ सौंपकर नए घर में गृह प्रवेश कराएंगे।

दो वित्तीय वर्षों में रिकॉर्ड 8,546 पक्के आवास बनकर तैयार

जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत निर्माण कार्यों में तेजी से प्रगति दर्ज की गई है। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 में 3,444 और वित्तीय वर्ष 2025-26 में 5,102 आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है। दोनों वित्तीय वर्षों को मिलाकर जिले में कुल 8,546 पक्के मकान बनकर तैयार हो चुके हैं। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में गृह प्रवेश कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

नवागढ़ और पामगढ़ जनपद पंचायत में सबसे अधिक निर्माण

img 20260910 wa00231168773701917396310

जिले की जनपद पंचायतों में भी आवास पूर्णता की गति काफी उल्लेखनीय रही है। आंकड़ों के मुताबिक नवागढ़ जनपद पंचायत में सर्वाधिक 2,325 और पामगढ़ जनपद पंचायत में 2,320 आवास पूरे किए गए हैं। इसके अलावा अकलतरा में 1,634, बलौदा में 1,224 और बम्हनीडीह जनपद पंचायत क्षेत्र में 1,043 आवासों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इन सभी आवासों का उद्घाटन ग्राम जेठा में आयोजित केंद्रीय स्तर के समारोह के माध्यम से किया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय और डिप्टी सीएम विजय शर्मा भी रहेंगे मौजूद

ग्राम जेठा (सक्ती) में होने वाले इस गरिमामयी आयोजन में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा सहित कई अन्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। कच्चे और खपरैल मकानों से पक्के आशियाने तक का यह सफर ग्रामीण परिवारों के लिए केवल छत का इंतजाम नहीं, बल्कि सामाजिक सुरक्षा, सम्मान और सुनहरे भविष्य की मजबूत शुरुआत साबित होगा।

Related Articles

Back to top button