CCPL 2026: रायपुर में सजेगा क्रिकेट का महाकुंभ,3 जून से शुरू होगा छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग

CCPL में फ्री टिकट के साथ बाइक जीतने का मौका,
उद्घाटन समारोह में परफॉर्म करेंगी मौनी रॉय
नया रायपुर। रायपुर में क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) का तीसरा सीजन 3 जून से शुरू होने जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट में क्रिकेट के साथ दर्शकों के मनोरंजन और आकर्षक इनामों की भी खास तैयारी की गई है।
टूर्नामेंट का आयोजन छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा 3 जून से 14 जून 2026 तक नया रायपुर स्थित Shaheed Veer Narayan Singh International Cricket Stadium में किया जाएगा।
उद्घाटन मैच में भिड़ेंगे रायपुर और राजनांदगांव
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 3 जून की रात 9 बजे रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स के बीच खेला जाएगा। मैच से पहले शाम 7:30 बजे उद्घाटन समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
इस दौरान बॉलीवुड अभिनेत्री Mouni Roy अपनी प्रस्तुति देंगी।
दर्शकों को मिलेगा बाइक और कैश प्राइज
इस बार CCPL में मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए लकी ड्रॉ की खास व्यवस्था की गई है। उद्घाटन मुकाबले और फाइनल मैच में दर्शकों को टू-व्हीलर वाहन जीतने का मौका मिलेगा।
इसके अलावा 40 हजार रुपए, 30 हजार रुपए, 25 हजार रुपए, 22,500 रुपए, 20 हजार रुपए, 18 हजार रुपए, 16,500 रुपए और 14-14 हजार रुपए तक के कैश प्राइज भी दिए जाएंगे।
वहीं 4 जून से 12 जून तक होने वाले लीग मुकाबलों में प्रतिदिन 10 दर्शकों को 10-10 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा।
टिकट फ्री, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन जरूरी
आयोजकों के मुताबिक टूर्नामेंट के सभी टिकट निशुल्क रहेंगे। हालांकि दर्शकों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर टिकट बुक करना होगा। मैच के दिन ऑनलाइन टिकट का स्क्रीनशॉट दिखाकर स्टेडियम से फिजिकल टिकट प्राप्त किया जा सकेगा। टिकट के पीछे लकी ड्रॉ कूपन दिया जाएगा, जिसका उपयोग इनाम के लिए किया जाएगा।
क्रिकेट के साथ मनोरंजन का तड़का
आयोजकों का कहना है कि इस बार CCPL में क्रिकेट के साथ दर्शकों की भागीदारी और मनोरंजन पर विशेष फोकस किया गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव परफॉर्मेंस और आकर्षक इनामों के जरिए टूर्नामेंट को और भव्य बनाने की तैयारी की गई है।




