‘बिटिया@work’ अभियान: 40 छात्राओं ने समझा प्रशासनिक कामकाज, कलेक्टोरेट और एसपी ऑफिस का किया एक्सपोजर विजिट

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत गट्टानी स्कूल व सेजेस की बालिकाओं ने जानी कार्यप्रणाली, अधिकारियों ने सिखाए नेतृत्व के गुर
🔴 जांजगीर-चांपा । कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना’ के अंतर्गत जिले में ‘बिटिया@work’ अभियान आयोजित किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिता अग्रवाल के अनुसार, इस अभियान के तहत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला (गट्टानी) तथा स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) की कक्षा 11वीं और 12वीं की 40 छात्राओं को विभिन्न शासकीय कार्यालयों का शैक्षणिक व प्रशासनिक एक्सपोजर विजिट कराया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास का संचार करना, नेतृत्व क्षमता विकसित करना और जनसेवा व प्रशासनिक व्यवस्था से सीधे अवगत कराना था।

कलेक्टोरेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भ्रमण
भ्रमण के दौरान अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी ने छात्राओं को कलेक्टोरेट की समस्त शाखाओं की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया, जहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक युलैंडन यार्क ने पुलिस विभाग के दायित्वों, कानून-व्यवस्था के संचालन की जानकारी देते हुए बालिकाओं को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
महिला थाना, सखी सेंटर और हेल्पलाइन 181 की दी गई जानकारी
छात्राओं को महिला थाना और परिवार परामर्श केंद्र जांजगीर ले जाकर महिलाओं व बालिकाओं के कानूनी अधिकारों, सुरक्षा तंत्र और परामर्श प्रक्रिया से अवगत कराया गया। इसके साथ ही सखी वन स्टॉप सेंटर व नवाबिहान में संकटग्रस्त एवं पीड़ित महिलाओं को मिलने वाले आपातकालीन आश्रय, मनोवैज्ञानिक परामर्श, पुलिस व विधिक सहायता, मेडिकल सुविधा और 181 महिला हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली समझाई गई।
न्यायिक प्रक्रिया, बाल संरक्षण और प्रतियोगी परीक्षाओं के गुर सीखे
किशोर न्याय बोर्ड न्यायालय के प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट व अध्यक्ष सिद्धार्थ आनंद सोनी ने 18 वर्ष से कम उम्र के कानून के दायरे में आने वाले बच्चों की विधिक सुनवाई प्रक्रिया की जानकारी दी। बाल कल्याण समिति द्वारा 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों की देखरेख और जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजेंद्र सिंह जायसवाल द्वारा ‘मिशन वात्सल्य’ योजना के संरक्षण तंत्र पर प्रकाश डाला गया। महिला एवं बाल विकास विभाग में अपराधों से बचाव, अनुशासन और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के सूत्र साझा कर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया गया।
इस शैक्षणिक भ्रमण में सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक व अभियान की नोडल एच. निशा खान, संरक्षण अधिकारी (एनआईसी) पूजा तिवारी, जिला मिशन समन्वयक श्वेता चतुर्वेदी, जेंडर विशेषज्ञ ज्योति शर्मा, पैरामेडिकल कर्मी रजनी चंद्रा, पैरालीगल कर्मी अंजली बंदे सहित शिक्षक गजेंद्र श्रीवास, उमा उसेंडी, एम.जी. बरवा और आर.के. ताम्रकार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।



