मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल: 50 दिन कोमा में रहे शशिकांत को एम्स रायपुर में कराया भर्ती, ₹4 लाख की सहायता स्वीकृत

सोशल मीडिया पर स्वास्थ्य की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने खुद फोन कर जाना हालचाल; 2016 के सड़क हादसे के बाद से जूझ रहा था धमतरी का 29 वर्षीय युवक
🔴 रायपुर । सोशल मीडिया के जरिए सामने आए एक गंभीर मामले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशीलता के चलते धमतरी जिले के ग्राम देवपुर निवासी 29 वर्षीय युवक शशिकांत भरत को बेहतर इलाज की नई उम्मीद मिली है। युवक की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने बिना देर किए त्वरित संज्ञान लिया और स्वयं दूरभाष पर बात कर उसका कुशलक्षेम जाना।
निर्देश मिलते ही हरकत में आया अमला, एम्स में कराया गया दाखिल
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। प्रशासन द्वारा शशिकांत को 9 सितंबर की शाम अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की सीधी देखरेख में उसका समुचित इलाज जारी है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने उसके उपचार के लिए 4 लाख रुपये की सहायता राशि भी स्वीकृत की है।
2016 के सड़क हादसे ने छीन ली थी सामान्य जिंदगी
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2016 में एक सड़क दुर्घटना के दौरान शशिकांत को गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण वह करीब 50 दिनों तक कोमा में रहा। दुर्घटना में सर्वाइकल की गंभीर समस्या उत्पन्न होने से उसके हाथ-पांव की कार्यक्षमता बुरी तरह प्रभावित हो गई थी। लंबे समय तक विभिन्न अस्पतालों में इलाज कराने के बावजूद उसकी स्थिति में सुधार नहीं हो पा रहा था।
फोन पर ढांढस बंधाते ही भावुक हुआ पीड़ित, जताया आभार
मुख्यमंत्री से सीधे फोन पर हुई बातचीत और त्वरित चिकित्सकीय मदद मिलने के बाद शशिकांत ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का हृदय से आभार व्यक्त किया। उसने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं फोन कर हाल-चाल पूछना और रायपुर एम्स में इलाज के साथ 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देना उसके और उसके परिवार के लिए बहुत बड़ा संबल बन गया है।



