जांजगीर-चांपा: मुलमुला पुलिस को बड़ी सफलता, कोसा लूट कांड का फरार आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा: जिले के थाना मुलमुला अंतर्गत ग्राम कोसा के मेन रोड पर हुई लूट की वारदात में फरार चल रहे दूसरे आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में आरोपी के पास से लूट की राशि और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
क्या थी घटना?
बीती 09 जनवरी 2026 की रात करीब 8:30 बजे, ग्राम खपरी निवासी वीरू कुर्रे अपने चचेरे भाई संतकुमार के साथ मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। ग्राम कोसा में नवल सिंह के घर के पास दो अज्ञात नकाबपोशों ने उनका रास्ता रोका और गाली-गलौज व मारपीट करते हुए उनसे ₹3500 नगद और दो मोबाइल फोन लूट लिए थे। इस मामले में पुलिस ने धारा 126(2), 309(4), 296, 115(2), 3(5) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक पारस पटेल के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
पुलिस ने पूर्व में मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी विकास भंडारी उर्फ चकरी (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लंबे समय से फरार चल रहे दूसरे आरोपी संदीप बंदे (34 वर्ष), निवासी कोसा पचरीपारा को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा।
बरामदगी और जेल दाखिल
पूछताछ के दौरान आरोपी संदीप बंदे ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और लूट की रकम में से ₹500 नगद बरामद किए हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी मुलमुला निरी. पारस पटेल, सउनि प्रमोद कुमार महार, प्र.आर. राजमणी द्विवेदी, अनिल अजगत्ले एवं थाना स्टाफ की मुख्य भूमिका रही।




