सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 40 हजार का माल बरामद

बिर्रा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर सेमरिया निवासी दो युवकों को दबोचा; टीवी, पंखा और टुल्लू पंप जब्त
🔴 आज की बात News | जांजगीर चाम्पा। सूने मकान का ताला तोड़कर घरेलू सामान और जेवरात चोरी करने के मामले में बिर्रा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपये मूल्य का चोरी गया सामान बरामद कर लिया है।
परिवार गया था काम पर, पीछे से चोरों ने बोला धावा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी 13 सितंबर 2026 को अपने पूरे परिवार के साथ जिला सरगुजा के ग्राम चांदो से मजदूरी कर वापस अपने घर लौटा था। घर पहुंचने पर उसने देखा कि बाहर और अंदर के कमरों का ताला टूटा हुआ था और सारा सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात चोरों ने सूनेपन का फायदा उठाकर घर से 2 नग टीवी, 3 नग छत पंखे, 1 नग मोटर पंप, बर्तन सहित सोने-चांदी के जेवरात (कुल कीमती लगभग 40 हजार रुपये) पार कर दिए थे। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बिर्रा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
संदेह के आधार पर हिरासत, पूछताछ में कबूला जुर्म
विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सेमरिया निवासी दिलहरण कश्यप (31 वर्ष) और शिव कुमार जांगड़े (26 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपी के घर से माल बरामद
आरोपी दिलहरण कश्यप के मेमोरेंडम कथन के आधार पर उसके घर से 2 नग टीवी, 1 नग सीलिंग फैन और 1 नग टुल्लू पंप (कुल कीमती लगभग 40,000 रुपये) गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त किए गए। इसके बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी बिर्रा राजीव श्रीवास्तव, सहायक उप निरीक्षक तीजराम जांगड़े, प्रधान आरक्षक गौतम गोविन्द पांडे, आरक्षक जनक कश्यप सहित थाना बिर्रा स्टाफ की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही।



