
पीएम मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर की शाम हर घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का आह्वान; महीने भर चलेगा राष्ट्रव्यापी सेवा अभियान
🔴 आज की बात News | रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से भावुक अपील की है। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से इस अभियान को जनसेवा और जनभागीदारी का व्यापक उत्सव बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किए हैं, ऐसे में यह अभियान समाज व देश के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का सुनहरा अवसर है।
17 सितंबर की शाम 7 बजे घर-घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे प्रत्येक परिवार अपने घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ अवश्य प्रज्वलित करे। यह दीया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ व सुदीर्घ जीवन की कामना के साथ-साथ सेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनेगा। उन्होंने नागरिकों से शासकीय योजनाओं के लाभार्थी परिवारों को भी इस पहल से जोड़ने का आग्रह किया।
स्वच्छता, पर्यावरण और जरूरतमंदों की सेवा से जुड़ें नागरिक
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा छत्तीसगढ़ की संस्कृति और संस्कारों का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने गांव, शहर और मोहल्लों में स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे रचनात्मक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि जब सेवा का भाव जनभागीदारी से जुड़ता है, तभी समाज में स्थायी और व्यापक बदलाव संभव होता है।
विकसित भारत में विकसित छत्तीसगढ़ की भागीदारी
श्री साय ने रेखांकित किया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में पक्के आवास, स्वच्छ पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी योजनाओं से गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प तभी सिद्ध होगा, जब हमारे गांव और शहर सशक्त होंगे। छत्तीसगढ़ राज्य इस दिशा में पूरी तत्परता से कदम बढ़ा रहा है और यह अभियान हमारे सामूहिक संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।



