छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

हसदेव नदी के तेज बहाव में बही महिला: चांपा पुलिस और गोताखोरों ने रेस्क्यू कर बचाई जान

गेमन पुल के पास नदी में फंसी थी पीड़िता; पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अस्पताल में कराया भर्ती, हालत खतरे से बाहर

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। हसदेव नदी के गेमन पुल के पास तेज बहाव में बहकर फंसी एक महिला को चांपा पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने संयुक्त प्रयास से सकुशल बचा लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। महिला को तत्काल बीडीएम शासकीय अस्पताल चांपा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों के समय पर इलाज के बाद उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर है।

गेमन पुल के पास नदी के बीच फंसी थी महिला

चांपा पुलिस को सोमवार को सूचना मिली कि गेमन पुल के नीचे हसदेव नदी के तेज बहाव में एक अज्ञात महिला बहकर आ गई है और बीच नदी में फंसी हुई है। सूचना मिलते ही चांपा थाना पुलिस की टीम बिना किसी देरी के मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों, नाविकों और गोताखोरों की मदद से तत्काल संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

गोताखोरों और पुलिस ने निकाला सुरक्षित बाहर

तेज बहाव के बीच काफी मशक्कत के बाद बचाव दल ने महिला तक पहुंचकर उसे जीवित अवस्था में नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पानी के बहाव और संघर्ष के चलते महिला की हालत काफी नाजुक बनी हुई थी। पुलिस टीम ने तुरंत उसे अपनी गाड़ी से बीडीएम अस्पताल चांपा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिकता के आधार पर उसका उपचार शुरू किया।

पैर फिसलने से हुआ हादसा

इलाज के बाद स्थिति संभलने पर महिला ने अपना नाम प्रेम कुमारी मसीह बताया। उसने जानकारी दी कि वह चांपा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर रहकर मांग-खाकर अपना गुजारा करती है। सुबह वह शौच के लिए नदी किनारे गई थी, जहां अचानक संतुलन बिगड़ने और पैर फिसलने के कारण नदी के तेज बहाव में बह गई। अस्पताल में महिला का इलाज जारी है और वह पूरी तरह सुरक्षित है।

Related Articles

Back to top button