‘BDG’ ऑनलाइन सट्टा ऐप के हाइटेक सिंडिकेट का भंडाफोड़: मास्टरमाइंड समेत 6 गिरफ्तार, क्रिप्टो और ऐप से चल रहा था खेल

जांजगीर साइबर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 30 लाख से अधिक के लेन-देन का खुलासा, अन्य राज्यों से भी जुड़े हैं तार
🔴 जांजगीर-चांपा। जिले में चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के दौरान जांजगीर साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले एक बड़े और संगठित अंतरजिला सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ‘BDG’ नामक ऑनलाइन सट्टा ऐप के मुख्य संचालक (मास्टरमाइंड) सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पारंपरिक जुए के बजाय यह पूरा नेटवर्क मोबाइल ऐप, व्हाट्सएप ग्रुप, टेलीग्राम चैनल और यूएसडीटी (क्रिप्टो डिजिटल करेंसी) के जरिए संचालित किया जा रहा था।
मुखबिर की सूचना पर चंदनियापारा में रेड
साइबर थाना पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली थी कि न्यू चंदनियापारा लिंक रोड जांजगीर निवासी हेमलाल यादव अपने मोबाइल फोन से बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद साइबर थाना पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में तुरंत रेड की कार्रवाई की और हेमलाल यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने ‘BDG’ ऐप पर सट्टा खेलने की बात स्वीकार की और बताया कि इस खेल की मास्टर आईडी उसे शैलेंद्र कुमार शर्मा ने उपलब्ध कराई थी।
नेटवर्क मार्केटिंग की तर्ज पर कमीशन का खेल
हेमलाल के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य संचालक शैलेंद्र कुमार शर्मा उर्फ शैलू को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ में शैलेंद्र ने स्वीकार किया कि वह नेटवर्क मार्केटिंग मॉडल की तर्ज पर लोगों को जोड़ता था। जब भी नीचे जुड़ा कोई व्यक्ति सट्टे में पैसा लगाता, तो ऊपर बैठे एडमिन को मोटा कमीशन मिलता था। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी शैलेंद्र खुद अब तक करीब 20 लाख रुपये का ऑनलाइन सट्टा खेल चुका है और उसने कई साथियों को इसकी लत लगाकर लाखों का नुकसान कराया है।
मोबाइल और डिजिटल साक्ष्य जब्त
पुलिस के अनुसार आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच के दौरान ऑनलाइन सट्टा ऐप की आईडी, स्क्रीनशॉट, व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल सामग्री विधिवत जब्त की गई है। जांच में सामने आया कि सट्टे के पैसों के लेन-देन में व्हाट्सएप चैट और USDT जैसे डिजिटल एसेट्स (क्रिप्टो) का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपियों से जुड़े बैंक खातों में 30 लाख रुपये से अधिक के लेन-देन के पुख्ता प्रमाण मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
- हेमलाल यादव उर्फ सोनू (47 वर्ष), निवासी न्यू चंदनियापारा, जांजगीर
- शैलेंद्र कुमार शर्मा उर्फ शैलू (45 वर्ष), निवासी शंकर विहार कॉलोनी, जांजगीर (मुख्य एडमिन)
- महेश प्रसाद राठौर उर्फ मुकेश (47 वर्ष), निवासी न्यू चंदनियापारा, जांजगीर
- राकेश कुमार राठौर उर्फ पप्पू (45 वर्ष), निवासी अकलतरा रोड, जांजगीर
- दुर्गेश कुमार राठौर उर्फ मनु (45 वर्ष), निवासी पुराना चंदनियापारा, जांजगीर
- हीरालाल यादव (47 वर्ष), निवासी न्यू चंदनियापारा, जांजगीर
दूसरे राज्यों से कनेक्शन की जांच जारी
पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के तार दूसरे राज्यों से भी जुड़े होने के सुराग मिले हैं। पुलिस की साइबर टीम द्वारा इस अंतरराज्यीय लिंक की गहनता से पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।




