जांजगीर : पीएम सूर्यघर योजना और केसीसी ऋण प्रकरणों का जल्द करें निराकरण, कलेक्टर ने दिए निर्देश

जिला स्तरीय सलाहकार एवं परामर्शदात्री समिति की बैठक में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने हितग्राहीमूलक योजनाओं में शत-प्रतिशत ऋण स्वीकृति और समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चाम्पा
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सलाहकार एवं परामर्शदात्री समिति की त्रैमासिक बैठक लेकर विभिन्न हितग्राही एवं रोजगारमूलक योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और बैंकर्स को हितग्राहीमूलक योजनाओं में शत-प्रतिशत ऋण स्वीकृति तथा समयबद्ध ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, रिजर्व बैंक, लीड बैंक तथा विभिन्न बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।
पीएम सूर्यघर योजना के लंबित प्रकरण जल्द निपटाने के निर्देश
कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। उन्होंने अधिकारियों एवं बैंकर्स को निर्देश दिए कि योजना से जुड़े किसी भी हितग्राही का ऋण प्रकरण लंबित न रहे। पात्र हितग्राहियों के ऋण प्रकरणों का त्वरित निराकरण कर समय पर ऋण स्वीकृत और वितरित किया जाए। साथ ही बैंकवार स्वीकृत एवं लंबित प्रकरणों का विवरण तैयार कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
बीमा योजनाओं का करें व्यापक प्रचार-प्रसार
बैठक में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने दोनों योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंक सखी के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं के विस्तार पर भी जोर दिया।
सीडी रेशियो बढ़ाने और ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने बैंकवार जमा राशि, ऋण वितरण (एडवांस) और सीडी रेशियो की समीक्षा करते हुए सभी बैंकर्स को जमा के अनुरूप ऋण वितरण बढ़ाने तथा सीडी रेशियो में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देते हुए अधिक से अधिक लोगों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ा जाए।
पात्र किसानों को समय पर मिले केसीसी का लाभ
बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की बैंकवार प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित केसीसी प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने, नए पात्र किसानों को केसीसी से जोड़ने और समय पर कृषि ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विशेष केसीसी (पशुपालन) शिविरों की समीक्षा करते हुए उन्होंने पात्र पशुपालकों एवं मत्स्यपालकों को भी किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ दिलाने और स्वीकृत ऋण का समय पर वितरण सुनिश्चित करने को कहा।
स्व-सहायता समूहों के ऋण प्रकरण भी जल्द निपटाएं
कलेक्टर ने बैंक अधिकारियों को स्व-सहायता समूहों के लंबित ऋण प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने, स्वीकृत ऋण समय पर वितरित करने तथा अधिक से अधिक समूहों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।




