‘विष्णु भैया की कलाई पर सजा बहनों का स्नेह: सुरक्षा और सम्मान के संकल्प के साथ मनाया गया ‘स्नेह की डोर’ पर्व


रायपुर में सुरक्षा बलों के 800 जवानों को स्कूली बेटियों व दीदियों ने बांधी राखी; रक्षाबंधन से पहले लगभग 68 लाख महिलाओं को महतारी वंदन की 31वीं किस्त के रूप में मिलेंगे 631 करोड़ रुपये।
रायपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व से ठीक पहले राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में भाई-बहन के स्नेह और राष्ट्ररक्षा के संकल्प का भावपूर्ण संगम देखने को मिला। ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम के तहत केंद्रीय सुरक्षा बलों, सेना और पुलिस के लगभग 800 जवानों की कलाइयों पर स्कूली बेटियों, दिव्यांग बेटियों और महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने रक्षा सूत्र बांधा। कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण वह था, जब वर्ष 2017 में नक्सली मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद उपनिरीक्षक युगल किशोर वर्मा की धर्मपत्नी श्रीमती माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने शहीद के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके परिवार के प्रति सदैव संबल बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
नक्सलवाद का अंत बहनों के लिए सुरक्षा और विश्वास का सबसे बड़ा उपहार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प तथा सुरक्षा बलों के अदम्य साहस से छत्तीसगढ़ नक्सलवाद के आतंक से मुक्ति की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है। नक्सलवाद का यह अंत हमारी बहनों के लिए सुरक्षा और विश्वास का सबसे बड़ा उपहार है। अब वह समय आ रहा है जब नक्सल हिंसा के कारण किसी बहन का सुहाग या किसी मां का बेटा नहीं उजड़ेगा। उन्होंने कहा कि बस्तर की पहचान अब हिंसा से नहीं, बल्कि शांति, विकास और नई संभावनाओं से होगी।
लगभग 68 लाख बहनों को महतारी वंदन योजना की सौगात

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। महतारी वंदन योजना के तहत रक्षाबंधन के पावन अवसर पर प्रदेश की लगभग 68 लाख माताओं-बहनों के बैंक खातों में 31वीं किस्त के रूप में 631 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक बहनें ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।
रायपुर जिले को मिले पांच अभिनव प्रोजेक्ट्स
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने रायपुर जिला प्रशासन के पांच अभिनव प्रोजेक्ट्स—
‘हरित पोषणम्’ (पोषण वाटिकाओं को बढ़ावा)
‘प्रोजेक्ट निरामय’ (विद्यार्थियों की स्वास्थ्य व रक्त जांच)
‘तिरंगा शक्ति फेस्ट’ (सांस्कृतिक व राष्ट्रीय आयोजन)

‘प्रोजेक्ट अहिगुण्डिकः’ (सौंरा/सपेरा समुदाय को शासकीय योजनाओं से जोड़ना)
‘रायपुर अनफिल्टर्ड’ (विशेष पॉडकास्ट सीरीज) काशुभारंभ किया।
कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक सुनील सोनी, विधायक पुरंदर मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित बड़ी संख्या में सुरक्षा बल के जवान और महिलाएं उपस्थित थीं।





