जाँजगीर -चाँपा

जांजगीर-चांपा : स्कूलों में महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का जागरूकता अभियान

बच्चों को बाल अधिकार, सुरक्षा, बाल विवाह, बाल श्रम और संकट की स्थिति में सहायता लेने की दी गई जानकारी

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती अनीता अग्रवाल के मार्गदर्शन में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 द्वारा जिले के विद्यालयों में बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा एवं संरक्षण संबंधी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय लक्ष्मीबाई चाम्पा एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोखरा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

बाल अधिकार और सुरक्षा की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम ने विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल संरक्षण, बाल सुरक्षा, बाल श्रम निषेध, बाल विवाह रोकथाम तथा बच्चों से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 बच्चों के लिए 24 घंटे एवं सप्ताह के सातों दिन संचालित होने वाली निःशुल्क आपातकालीन सेवा है। इसके माध्यम से संकटग्रस्त बच्चों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

संकट में 1098 पर सूचना देने की अपील

टीम ने बताया कि यदि कोई बच्चा अनाथ, बेसहारा, बाल श्रम में संलिप्त, बाल विवाह की आशंका से ग्रसित, शोषण अथवा दुर्व्यवहार का शिकार हो या किसी भी प्रकार की प्रतिकूल परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहा हो, तो उसकी सूचना तत्काल 1098 पर दी जा सकती है। ऐसे मामलों में चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम त्वरित हस्तक्षेप कर आवश्यक संरक्षण एवं पुनर्वास की कार्रवाई सुनिश्चित करती है।

बच्चों को यह भी समझाया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने, नशीले पदार्थों के दुरुपयोग, बाल तस्करी अथवा किसी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में भयभीत होने के बजाय तत्काल माता-पिता, शिक्षक अथवा विश्वसनीय वयस्क को जानकारी दें तथा आवश्यकता पड़ने पर 1098 से संपर्क करें।

सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की जानकारी

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान बच्चों को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। वीडियो प्रस्तुति एवं संवादात्मक सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों पर जागरूक किया गया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई। विद्यार्थियों ने बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया।

चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने की अपील

कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन परियोजना समन्वयक विष्णु श्रीवास, काउंसलर अल्का फॉक, केस वर्कर सुश्री डानी सोनवानी एवं भागीदारी सिदार ने विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल संरक्षण, बाल सुरक्षा, बाल विवाह निषेध, बाल श्रम उन्मूलन तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की सेवाओं के संबंध में जानकारी दी।

चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने अपील की कि किसी भी बच्चे के बाल श्रम, बाल विवाह, भीख मांगने, सड़क पर रहने, शोषण, उपेक्षा, लापता होने अथवा अन्य संकटग्रस्त स्थिति में पाए जाने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, 9827771819 अथवा 8963997174 पर सूचना देकर बच्चे की सुरक्षा एवं संरक्षण में सहयोग करें।

Related Articles

Back to top button