क्राइमजाँजगीर -चाँपा

हाईवे पर मारपीट के बाद लूट की वारदात, एक आरोपी गिरफ्तार; अन्य की तलाश जारी

हथनेवरा मोड़ के पास देर रात हुई घटना में आरोपियों ने मारपीट कर ₹1,500 लूटे और कार का शीशा भी तोड़ दिया। चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

थाना चांपा क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर मारपीट और लूट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हथनेवरा मोड़ के पास देर रात आरोपियों ने एक युवक और उसके साथियों से मारपीट कर ₹1,500 लूट लिए तथा उनकी कार का पिछला शीशा भी तोड़ दिया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम सेमरा निवासी सूरज कुमार साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21 जुलाई 2026 को वह अपने साथियों के साथ उरगा से कार से लौट रहे थे। रास्ते में चांपा रेलवे ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति को लिफ्ट देने के बाद हथनेवरा मोड़ के पास रात करीब 12:30 बजे कार रोकने पर तीन मोटरसाइकिलों में सवार 4-5 युवक वहां पहुंचे।

शराब पार्टी के लिए पैसे मांगने के बाद की मारपीट

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने शराब पार्टी के लिए पैसे मांगे। मना करने पर उन्होंने सूरज कुमार साहू और उनके साथियों के साथ हाथ, मुक्कों, लात और बेल्ट से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान एक आरोपी ने सूरज कुमार साहू की जेब से ₹1,500 निकाल लिए। जाते समय आरोपियों ने सड़क किनारे पड़े पत्थर से कार का पिछला शीशा भी तोड़ दिया।

एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

मामले में थाना चांपा पुलिस ने अपराध क्रमांक 397/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6), 324(2) एवं 3(5) के तहत विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने साहिल कुमार पटेल उर्फ अक्की (20), निवासी खाल्हेपारा, हथनेवरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने साथियों के साथ घटना में शामिल होना स्वीकार किया तथा लूट की रकम में से ₹100 बरामद कराए। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक ईश्वरी राठौर, वीरेश सिंह, मुद्रिका दुबे एवं थाना चांपा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Back to top button