किसान स्कूल बेहराडीह में जुटेंगे प्रदेशभर के किसान, 26 जून को होगा राज्य स्तरीय मशरूम महोत्सव

वरिष्ठ पत्रकार श्री कुंजबिहारी साहू की जयंती पर 26 जून को आयोजित होगा राज्य स्तरीय मशरूम महोत्सव, प्रदर्शनी, तकनीकी सत्र, प्रतियोगिता और सम्मान समारोह होंगे आकर्षण का केंद्र।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
जिले के बेहराडीह स्थित किसान स्कूल में 26 जून 2026 को राज्य स्तरीय मशरूम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। वरिष्ठ पत्रकार श्री कुंजबिहारी साहू की जयंती के अवसर पर आयोजित इस महोत्सव में प्रदेशभर के किसान, कृषि विशेषज्ञ, मशरूम उत्पादक, युवा उद्यमी और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल होंगे।
आयोजन समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार महोत्सव का मुख्य उद्देश्य मशरूम उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन एवं उद्यमिता को बढ़ावा देना है। साथ ही किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों, युवाओं और कृषि उद्यमियों को स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
प्रदर्शनी और तकनीकी सत्र होंगे विशेष आकर्षण
महोत्सव के दौरान मशरूम प्रदर्शनी, मशरूम उत्पादन एवं उद्यमिता विषयक तकनीकी सत्र, सफल उद्यमियों के अनुभव साझा कार्यक्रम तथा राज्य स्तरीय मशरूम प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा आधुनिक तकनीकों, बाजार की संभावनाओं और मशरूम आधारित व्यवसाय के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
‘मशरूम मित्र’ सम्मान से होंगे सम्मानित
कार्यक्रम में मशरूम उत्पादन और प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को ‘मशरूम मित्र’ सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
आत्मनिर्भरता और रोजगार पर रहेगा फोकस
आयोजकों का कहना है कि मशरूम उत्पादन कम लागत में अधिक आय देने वाला व्यवसाय है। आज के समय में यह खेती युवाओं और किसानों के लिए स्वरोजगार का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है। महोत्सव के माध्यम से लोगों को इस क्षेत्र में आगे बढ़ने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
राज्य स्तरीय मशरूम महोत्सव का आयोजन 26 जून 2026 को सुबह 10 बजे से किसान स्कूल, बेहराडीह (सिवनी), चांपा, जिला जांजगीर-चांपा में किया जाएगा। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक संख्या में किसानों, युवाओं और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
कार्यक्रम की थीम “मशरूम उत्पादन : पोषण, रोजगार और आत्मनिर्भरता की ओर एक सशक्त कदम” रखी गई है, जो कृषि आधारित रोजगार और ग्रामीण विकास को नई दिशा देने का संदेश देती है।




