जमीन सीमांकन प्रक्रिया को ऑनलाइन करने का फैसला किसान हितैषी: इंजी. रवि पाण्डेय

सीएम विष्णु देव साय का जताया आभार; कहा—समय व श्रम की होगी बचत, व्यवस्था में आएगी पारदर्शिता
🔴 जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जमीन सीमांकन की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन करने के ऐतिहासिक निर्णय का भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजी. रवि पाण्डेय ने पुरजोर स्वागत किया है। किसानों और आम नागरिकों के हित में उठाए गए इस पारदर्शी कदम के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताया है।
इंजी. रवि पाण्डेय ने कहा कि सीमांकन प्रक्रिया के डिजिटलाइजेशन से किसानों, भूमिस्वामियों और आम जनता को सबसे बड़ी राहत मिलेगी। पहले सीमांकन कार्य के लिए लोगों को लंबे समय तक तहसील कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते थे, जिससे अब पूरी तरह छुटकारा मिल जाएगा। विशेष रूप से निर्विवादित मामलों में नागरिकों को बार-बार तहसील जाने की कोई जरूरत नहीं होगी, जिससे उनके समय और धन दोनों की बचत होगी। उन्होंने व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि अब नागरिक घर बैठे सिटीजन पोर्टल, सेवा सेतु अथवा नजदीकी सीएससी (CSC) और चॉइस सेंटर के माध्यम से सीमांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। दर्ज किया गया आवेदन सीधे संबंधित तहसीलदार की आईडी पर पहुंच जाएगा।
प्रक्रिया और आरआई रिपोर्ट भी दिखेगी ऑनलाइन
इंजी. पाण्डेय ने आगे बताया कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राजस्व निरीक्षक (RI) की रिपोर्ट भी सीधे ऑनलाइन पोर्टल पर ही उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही आवेदक अपने प्रकरण की अद्यतन स्थिति (स्टेटस) को कभी भी ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे। सरकार का यह कदम राजस्व प्रणाली को पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।




