इंजीनियर रवि पाण्डेय की पहल से कैंसर पीड़िता को मिला नया जीवन, सीएम सहायता योजना से 17.89 लाख रुपये स्वीकृत

ग्राम लोहर्सी की 23 वर्षीय दीपमाला साहू के इलाज में माध्यम बने भाजपा किसान मोर्चा प्रवक्ता; अब एम्स में होगा उपचार, परिजनों में जगी उम्मीद
🔴 जांजगीर-चांपा । जिले के ग्राम लोहर्सी (खरौद) निवासी 23 वर्षीय दीपमाला साहू के कैंसर उपचार के लिए भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता एवं समाजसेवी इंजीनियर रवि पाण्डेय की संवेदनशील पहल रंग लाई है। उनके सार्थक प्रयासों के फलस्वरूप मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना’ के अंतर्गत 17 लाख 89 हजार रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की है। इस शासकीय सहायता राशि से अब पीड़िता का उपचार अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में कराया जाएगा।
आर्थिक तंगी के कारण रुका हुआ था उपचार
ग्राम लोहर्सी निवासी दीपमाला साहू पिछले कुछ समय से ब्लड कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी से पीड़ित हैं। अत्यंत निर्धन पृष्ठभूमि से आने के कारण उनके परिवार के लिए कैंसर के लंबे और महंगे इलाज का खर्च उठा पाना पूरी तरह असंभव था। आर्थिक तंगी के चलते दीपमाला के इलाज में बाधा आ रही थी और परिजन गहरे संकट व चिंता में थे। मामले की जानकारी मिलते ही भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजी. रवि पाण्डेय ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल पीड़ित परिवार से संपर्क किया। उन्होंने इलाज में आ रही आर्थिक बाधा को दूर करने के लिए खुद पहल की और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक विभागीय दस्तावेज तैयार करवाए। इंजी. पाण्डेय ने प्रशासनिक व स्वास्थ्य विभाग के स्तर पर लगातार समन्वय स्थापित कर औपचारिकताएं तेजी से पूरी कराईं, जिससे 17.89 लाख रुपये की सहायता राशि त्वरित रूप से स्वीकृत हो सकी।
जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही वास्तविक सेवा: इंजी. पाण्डेय
सहायता राशि स्वीकृत होने पर इंजीनियर रवि पाण्डेय ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना ही जनसेवा का वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी से जूझ रही एक बेटी के जीवन रक्षा में माध्यम बन पाना उनके लिए अत्यंत संतोष का विषय है। इंजी. पाण्डेय ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना निर्धन परिवारों के लिए संकट के समय में जीवनदान साबित हो रही है।
परिजनों ने जताया आभार, एम्स में भर्ती की तैयारी
स्वीकृति मिलने के बाद दीपमाला के परिजनों ने राहत की सांस ली है और उनके चेहरे पर बेटी के स्वस्थ होने की नई उम्मीद जागी है। पीड़ित परिवार ने संकट की इस घड़ी में संबल बनने और सक्रिय पहल करने के लिए समाजसेवी इंजी. रवि पाण्डेय के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की तथा त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताया। अब दीपमाला को बेहतर उपचार के लिए शीघ्र ही एम्स में भर्ती कराया जाएगा।



