Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपाहादसा

देवरी-चिचोली पिकनिक स्पॉट पर बड़ा हादसा: हसदेव नदी के तेज बहाव में बहे कॉलेज के 3 छात्र, तलाश जारी

बिलासपुर चौकसे कॉलेज से पिकनिक मनाने पहुंचे थे युवक; उफान पर नदी, प्रशासन और नगर सेना का रेस्क्यू जारी

🔴 जांजगीर-चांपा। जिले के प्रसिद्ध देवरी-चिचोली पिकनिक स्पॉट पर लापरवाही और मौज-मस्ती एक बार फिर तीन परिवारों के लिए जिंदगी भर का नासूर बन गई। बिलासपुर स्थित चौकसे कॉलेज से पिकनिक मनाने पहुंचे तीन छात्र हसदेव नदी के तेज बहाव में बह गए। सूचना मिलते ही प्रशासन, एसडीआरएफ (SDRF) और नगर सेना की टीम ने मौके पर मोर्चा संभालते हुए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

तैरना नहीं जानते थे छात्र, उफनती नदी की धार में उतरे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिलासपुर से छात्रों का एक समूह देवरी-चिचोली में पिकनिक मनाने पहुंचा था। इस दौरान तीन छात्र नहाने के लिए हसदेव नदी में उतर गए। बताया जा रहा है कि तीनों छात्रों को तैरना नहीं आता था। बारिश के मौसम के चलते हसदेव नदी इन दिनों पूरे उफान पर है और जलस्तर बढ़ने के साथ बहाव बेहद तेज है। नहाते समय अचानक तीनों छात्र नदी की तेज धार और गहरे भंवर की चपेट में आ गए और देखते ही देखते गहरे पानी में समाकर लापता हो गए।

चीख-पुकार मचते ही मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम

छात्रों के डूबते ही मौके पर मौजूद अन्य साथियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस और प्रशासन को दी गई। इसके बाद नगर सेना और एसडीआरएफ की विशेष बचाव टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। नदी के उफान और तेज बहाव के बीच बोट व गोताखोरों की मदद से तीनों छात्रों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।

मस्ती पड़ी जिंदगी पर भारी, परिवारों में मातम

माता-पिता अपने बच्चों को बेहतर तालीम और उज्ज्वल भविष्य के सपनों के साथ कॉलेज भेजते हैं, लेकिन सुरक्षा और चेतावनी की अनदेखी करते हुए उठाया गया एक लापरवाह कदम जिंदगी पर भारी पड़ गया। चंद घंटों की मौज-मस्ती ने तीन घरों के चिरागों को संकट में डालकर परिजनों को गहरे सदमे में धकेल दिया है।

पिकनिक स्पॉट्स पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

यह हृदयविदारक हादसा पिकनिक स्पॉट्स पर प्रशासनिक सुरक्षा और जन-जागरूकता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। उफनती नदी के खतरे को भांपने के बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर गहरे पानी में उतर रहे हैं। वहीं, ऐसे संवेदनशील और खतरनाक पिकनिक स्थलों पर चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा बैरिकेडिंग और होमगार्ड के जवानों की मुस्तैदी न होने को लेकर भी स्थानीय प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल, रेस्क्यू टीम द्वारा नदी के बहाव क्षेत्र में छात्रों की सघन तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button