श्रमिक दिवस पर मनरेगा श्रमिकों का सम्मान, योजनाओं की दी गई जानकारी

जिलेभर की ग्राम पंचायतों में हुए आयोजन, अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक
जांजगीर-चांपा, 01 मई 2026। अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर जिले में मनरेगा श्रमिकों का सम्मान करते हुए विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से श्रमिकों के योगदान को सराहा गया और उन्हें योजनाओं की जानकारी दी गई।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में श्रमिकों को श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया गया। ग्राम पंचायत खोरसी, पचेड़ा, पचरी, धुरकोट एवं बूड़ेना सहित अन्य पंचायतों में आयोजन हुए, जहां श्रमिकों की भागीदारी उत्साहपूर्ण रही।
कार्यक्रमों के दौरान मनरेगा के तहत रोजगार के अवसर, मजदूरी भुगतान, प्रत्येक माह की 7 तारीख को रोजगार दिवस, जल संरक्षण, वृक्षारोपण एवं व्यक्तिगत लाभ के कार्यों की जानकारी दी गई। साथ ही महिला श्रमिकों की भागीदारी बढ़ाने, मातृत्व लाभ और श्रम कार्ड जैसी सुविधाओं के प्रति जागरूक किया गया।
इसके अलावा श्रमिकों को ‘वीबी जी रामजी योजना’ की जानकारी देते हुए पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया समझाई गई। अधिकारियों ने श्रमिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़कर अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।






