Chhattisgarhक्राइम

सरगुजा में शादी के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप: 3 दिन बाद दुल्हन अचानक गायब, वापस बुलाने पर मांगे 50 हजार; पीड़िता ने एसपी से लगाई गुहार

लखनपुर पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर सरगुजा एसपी कार्यालय पहुंची मां, नकद रकम व जेवर वापस दिलाने की मांग

सरगुजा। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शादी के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है। मध्य प्रदेश निवासी रामकली बाई ने पुलिस अधीक्षक सरगुजा को लिखित शिकायत सौंपकर न्याय और उचित कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शादी के महज तीन दिन बाद ही दुल्हन अचानक गायब हो गई और जब उसे वापस लाने की कोशिश की गई, तो परिजनों से दोबारा पैसों की मांग की जाने लगी।

नकद रकम और जेवर का लेनदेन

शिकायत के अनुसार रामकली बाई के बेटे तुलसीदास लोधी का विवाह 23 मई 2026 को जमगला निवासी एक युवती के साथ तय हुआ था। इस विवाह में जमगला के ही दो मध्यस्थों ने मुख्य भूमिका निभाई थी। आरोप है कि शादी के दौरान दूल्हा पक्ष से 1 लाख रुपये नकद और करीब 1 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर लिए गए थे। विवाह संपन्न होने के बाद दुल्हन करीब तीन दिन तक अपने ससुराल में रही।

शौच के बहाने गायब हुई दुल्हन

आरोप के मुताबिक शादी के चौथे दिन रात में दुल्हन शौचालय जाने की बात कहकर घर से बाहर निकली और फिर वापस नहीं लौटी। परिजनों का दावा है कि पहले से मौजूद कुछ लोग उसे अपने साथ लेकर चले गए। इसके बाद जब ससुराल पक्ष दुल्हन को वापस लाने के लिए मायके पक्ष के लोगों से संपर्क करने पहुंचा, तो उनसे कथित तौर पर 50 हजार रुपये की अतिरिक्त राशि मांगी गई। पीड़ित पक्ष ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है।

कार्रवाई न होने पर एसपी से शिकायत

पीड़ित परिवार ने बताया कि मामले को लेकर 6 अगस्त 2026 को लखनपुर थाने में लिखित आवेदन दिया गया था, जिसमें संबंधितों के खिलाफ मामला दर्ज करने तथा नकद रकम व जेवर वापस दिलाने की मांग की गई थी। थाना स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई न होने के बाद पीड़िता ने सरगुजा पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। अब पीड़ित पक्ष ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है। हालांकि पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

Related Articles

Back to top button