क्राइमजाँजगीर -चाँपा

जांजगीर-चांपा: 48 घंटे में तीन मंदिरों में चोरी का खुलासा, ₹16.60 लाख का माल बरामद

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने किया मामले का खुलासा, 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर तीन आरोपी और एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक को पकड़ा।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

जिले के नवागढ़ और बम्हनीडीह थाना क्षेत्रों के तीन मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों और एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक को पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से करीब ₹16.60 लाख मूल्य का चोरी गया माल, घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक कटर तथा मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 1-2 अगस्त की दरमियानी रात बम्हनीडीह के रामजानकी मंदिर, नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम महत स्थित चंडी दाई मंदिर तथा ग्राम जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर में चोरी की घटनाएं हुई थीं। चोर चांदी के छत्र, चांदी के मुकुट, चक्र, सोने के आभूषण, दानपेटी तथा नगदी लेकर फरार हो गए थे। तीनों मामलों में संबंधित थानों में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

img com 2026080512525942223424292811271057547

100 से अधिक CCTV फुटेज से मिला अहम सुराग

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यार्क के मार्गदर्शन में साइबर थाना, नवागढ़ और बम्हनीडीह पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों से लेकर संभावित मार्गों तक 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। जांच के दौरान घटना के समय एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर चार लोगों की आवाजाही सामने आई। साइबर तकनीक और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में स्वीकार किया अपराध

पुलिस के अनुसार, एसडीओपी लोकेश बंसल एवं सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर आरोपी प्रशांत पटेल के घर के पीछे गड्ढे में छिपाकर रखा गया चोरी का सामान बरामद किया गया। पुलिस ने चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के छत्र, मुकुट, अन्य सामग्री, घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक कटर तथा मोटरसाइकिल जब्त कर ली।

घटना से पहले की थी मंदिरों की रेकी

पुलिस के अनुसार, आरोपी लाखों रुपये के कर्ज में डूबे हुए थे। उन्होंने घटना से एक दिन पहले तीनों मंदिरों की रेकी की और इलेक्ट्रॉनिक कटर से ताले काटकर चोरी की योजना को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपी

  • प्रशांत पटेल (23), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
  • प्रभात पटेल (18), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
  • परमानंद पटेल (25), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
  • एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक

इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, थाना प्रभारी बम्हनीडीह उपनिरीक्षक दिलीप सिंह सहित साइबर, नवागढ़ एवं बम्हनीडीह पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

img com 2026080512525931612441804369757591836

Related Articles

Back to top button