
दो सूत्रीय मांगों को लेकर सी-मार्ट परिसर में दिया धरना, मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
जांजगीर चाम्पा। राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ के प्रांतीय आह्वान पर सोमवार को जिला जांजगीर-चांपा के सी-मार्ट परिसर (कचहरी चौक) में पटवारियों ने अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर एकदिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर जोरदार आंदोलन किया। इस प्रदर्शन में जिले के लगभग 120 पटवारी शामिल हुए। पटवारी संघ मुख्य रूप से वेतन विसंगति दूर करने और विभागीय पदोन्नति की मांग कर रहा है।
कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन का मिला पूर्ण समर्थन
इस आंदोलन को कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने अपना पूरा समर्थन दिया। धरना स्थल पहुंचे कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने पटवारियों की मांगों को पूरी तरह जायज ठहराया और शासन-प्रशासन से इसका शीघ्र न्यायसंगत समाधान निकालने की मांग की।
मांग पूरी नहीं हुई तो होगी अनिश्चितकालीन हड़ताल: धर्मेंद्र यादव
आंदोलन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने कहा कि राजस्व पटवारियों की दोनों मांगें पूरी तरह जायज हैं। यदि सरकार द्वारा जल्द ही इस पर सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया, तो प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर कभी भी अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया जा सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
आंदोलन में ये पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि रहे मौजूद
आंदोलन को समर्थन देने और उपस्थित रहने वालों में विश्वनाथ परिहार (जिला संयोजक, कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन), अर्जुन सिंह क्षत्रिय (महासचिव, फेडरेशन), डॉ. विष्णु पैगवार (सहसंयोजक, फेडरेशन), विकास सिंह (संयुक्त शिक्षक संघ), हरीश गोपाल (सहायक शिक्षक संघ), राधेश्याम कंवर (व्याख्याता संघ), शत्रुहन राठौर (स्वास्थ्य संयोजक संघ), प्रवीण राठौर (बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी संघ), शरद राठौर (शिक्षक फेडरेशन), एच.एन. सोनी (वाहन चालक संघ), विवेक राठौर (सहायक शिक्षक संघ), ज्योतिष सर्वे (कार्यकारी प्रांत अध्यक्ष) एवं रंजीत जांगड़े (प्रांतीय सहसचिव) सहित जिले के समस्त पटवारी प्रमुख रूप से शामिल रहे।





