Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

प्रधान जिला न्यायाधीश और कलेक्टर ने किया जिला जेल का निरीक्षण: बंदियों की सुविधाओं का लिया जायजा, जांची भोजन की गुणवत्ता

सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार ‘बोर्ड ऑफ विजिटर्स’ ने किया खोखरा जेल का दौरा, जातिगत भेदभाव न होने की भी की गई जांच

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। उच्चतम न्यायालय द्वारा रिट पिटीशन (सि) सुकन्या संस्था बनाम यूनियन ऑफ इंडिया में दिए गए निर्देशों के परिपालन में ‘बोर्ड ऑफ विजिटर्स’ ने शनिवार को जिला जेल जांजगीर (खोखरा) का सघन निरीक्षण किया। यह निरीक्षण प्रधान जिला न्यायाधीश एवं सहअध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जयदीप गर्ग, सचिव मनोज कुमार कुशवाहा, कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैंडन यार्क की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

img 20260919 wa00423499321330709781291

व्यवस्थाओं व सुविधाओं की जांच

अधिकारियों के दल ने जिला जेल में लीगल एड क्लिनिक की कार्यप्रणाली, बंदियों को मिलने वाली निःशुल्क विधिक सहायता और परिजनों के लिए स्थापित मुलाकाती हेल्प डेस्क का जायजा लिया। इसके अलावा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) कक्ष, बैरकों के निर्माण, परिसर की स्वच्छता, टॉयलेट व्यवस्था और बंदियों को उपलब्ध कराए जाने वाले वस्त्रों की स्थिति देखी गई। अधिकारियों ने जेल में तैयार हो रहे भोजन की गुणवत्ता और शुद्ध पेयजल व्यवस्था की भी गहन पड़ताल की।

भेदभाव व प्राथमिक चिकित्सा पर जोर

निरीक्षण के दौरान प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था और बंदियों के लंबित न्यायिक प्रकरणों में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों पर चर्चा की गई। साथ ही सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुरूप जेल के समस्त रजिस्टरों और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार के जातिगत भेदभाव की स्थिति की जांच की गई। बंदियों के लिए लगी शिकायत पेटी का भी अवलोकन किया गया।

इस मौके पर जिला जेल अधीक्षक डी.डी. टोडर, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता लिलेश्वर प्रसाद रत्नाकर, पैरालीगल वालेंटियर जयराम गढ़ेवाल, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी सहित जेल प्रशासन व पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button