LPG सब्सिडी पर बड़ा अपडेट: 1 अक्टूबर से बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य, प्रमाणीकरण न होने पर बिना सब्सिडी मिलेगा सिलेंडर

कनेक्शन बंद नहीं होगा पर देनी होगी बाजार दर, करीब 90 फीसदी उपभोक्ता करा चुके हैं ई-केवाईसी, घर बैठे ऐप से भी सत्यापन की सुविधा
🔴 आज की बात News | नई दिल्ली। अगर आपके घर में घरेलू एलपीजी सिलेंडर का उपयोग होता है और आप सरकारी सब्सिडी का लाभ लेते हैं, तो 1 अक्टूबर 2026 से नियमों में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब रियायती दरों पर मिलने वाले घरेलू गैस सिलेंडर (सब्सिडी) के लिए उपभोक्ताओं का बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन (BAA) पूरा होना अनिवार्य कर दिया गया है। जिन उपभोक्ताओं ने अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें 1 अक्टूबर के बाद बिना सब्सिडी के बाजार मूल्य पर ही सिलेंडर खरीदना पड़ेगा। हालांकि, इस स्थिति में भी उपभोक्ता का कनेक्शन बंद नहीं होगा।
89.9% उपभोक्ताओं का ऑथेंटिकेशन पूरा
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 19 सितंबर 2026 तक देश के 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू एलपीजी उपभोक्ता अपनी बायोमेट्रिक ई-केवाईसी पूरी कर चुके हैं, जो कुल सक्रिय उपभोक्ताओं का करीब 89.9 प्रतिशत है। अक्टूबर 2023 से चल रही इस प्रक्रिया की अंतिम समयसीमा पहले 30 जून और बाद में 14 सितंबर निर्धारित की गई थी, जिसे अब 1 अक्टूबर से अनिवार्य रूप से प्रभावी किया जा रहा है। जिन उपभोक्ताओं का सत्यापन पहले ही हो चुका है, उन्हें दोबारा यह प्रक्रिया कराने की आवश्यकता नहीं होगी।
सब्सिडी न मिलने पर पड़ेगा आर्थिक बोझ
जिन उपभोक्ताओं का ऑथेंटिकेशन अधूरा रहेगा, उन्हें सिलेंडर मिलता रहेगा लेकिन वे 210 रुपये प्रति सिलेंडर (सितंबर 2026 की दर के अनुसार) मिलने वाली प्रत्यक्ष/अप्रत्यक्ष सब्सिडी से वंचित रह जाएंगे। सरकार का मुख्य उद्देश्य एलपीजी वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाना, डुप्लीकेट व अपात्र कनेक्शनों को हटाना और सब्सिडी वाले सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग को रोकना है, ताकि लाभ सीधे पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंच सके।
घर बैठे मोबाइल ऐप से भी सत्यापन
उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए सत्यापन की प्रक्रिया को बेहद सरल बनाया गया है। इसके लिए गैस एजेंसी के चक्कर लगाना जरूरी नहीं है। उपभोक्ता सिलेंडर डिलीवरी के समय डिलीवरी मैन के माध्यम से बायोमेट्रिक करा सकते हैं या संबंधित वितरक के शोरूम पर जा सकते हैं। इसके अलावा संबंधित तेल कंपनियों के आधिकारिक मोबाइल ऐप (IndianOil ONE, HelloBPCL, HP PAY) और आधार फेसआरडी (FaceRD) ऐप के जरिए घर बैठे भी चेहरे की पहचान (Face Auth) से सत्यापन पूरा किया जा सकता है।




