Chhattisgarhसक्ती

राज्य स्तरीय एथलेटिक्स में सक्ती की शोभा ने रचा इतिहास: 100 मीटर दौड़ में जीता गोल्ड, 200 मीटर में सिल्वर मेडल

शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला केरीबंधा की आठवीं की छात्रा ने जगदलपुर में लहराया परचम, जिले में खुशी की लहर

🔴 आज की बात News | सक्ती। सक्ती जिले के ग्राम पंचायत केरीबंधा स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय की कक्षा 8वीं की छात्रा शोभा कुमारी गोंड़ ने राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अपनी स्वर्णिम दौड़ से जिले का नाम रोशन किया है। जगदलपुर (बस्तर) में आयोजित इस प्रतियोगिता में शोभा ने अपने फर्राटेदार प्रदर्शन से सभी को अचंभित करते हुए दोहरी सफलता हासिल की। उन्होंने 100 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल (स्वर्ण पदक) और 200 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल (रजत पदक) जीतकर इतिहास रच दिया।

प्रतिभा को तराशने में शिक्षकों की मेहनत

ग्रामीण अंचल से निकलकर राज्य स्तर पर अपनी चमक बिखेरने वाली शोभा की इस प्रतिभा को विद्यालय के प्रधानपाठक नरेन्द्र वैष्णव ने पहचाना और संवारने का कार्य किया। शिक्षक कार्तिकेश्वर जायसवाल के तकनीकी मार्गदर्शन और प्रशिक्षण ने शोभा को एक कुशल एथलीट के रूप में तैयार किया। इसके साथ ही शिक्षिका दीपिका सिंह सिंदार ने भी समय-समय पर उसका मनोबल बढ़ाया और निरंतर अभ्यास के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं

शोभा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्यालय परिवार सहित पूरे अंचल में हर्ष का माहौल है। शिक्षकों ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद शोभा ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है, जो क्षेत्र के अन्य ग्रामीण बच्चों के लिए भी बड़ी प्रेरणा है। विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने होनहार एथलीट शोभा कुमारी गोंड़ के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई प्रेषित की है।

Related Articles

Back to top button