Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: ईडी ने 13 ठिकानों पर की छापेमारी; 5.39 करोड़ का सोना-कैश जब्त, 81 आरोपियों पर शिकंजा

रायपुर 3 मई 2026। छत्तीसगढ़ में बहुचर्चित शराब घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। जांच एजेंसी ने रायपुर, दुर्ग, भिलाई और बिलासपुर समेत कुल 13 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में बेनामी संपत्ति और अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

करोड़ों का सोना और नगदी बरामद
छापेमारी के दौरान ईडी ने लगभग 53 लाख रुपये नगद और 3.23 किलोग्राम सोना जब्त किया है। बरामद सोने और नगदी की कुल कीमत करीब 5.39 करोड़ रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण भी मिले हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।

कारोबारी और CA रडार पर: धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की गई इस कार्रवाई में शराब व्यापारियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (CA) और कॉर्पोरेट संस्थाओं के परिसरों को निशाना बनाया गया। संदेह है कि इन लोगों ने घोटाले से अर्जित अवैध धन को ठिकाने लगाने में मदद की है।

सिंडिकेट और संगठित साजिश का खुलासा
जांच का आधार: ईडी की यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ आर्थिक अपराध शाखा (EOW) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की एफआईआर पर आधारित है। अब तक की जांच से संकेत मिले हैं कि साल 2019 से 2022 के बीच शराब की खरीद, लाइसेंसिंग और बिक्री में बड़े पैमाने पर अवैध कमीशनखोरी हुई है। इसमें कई रसूखदार नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों की संलिप्तता के गंभीर आरोप हैं।

अब तक की प्रगति: शराब घोटाले के इस मामले में अब तक कुल 9 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच एजेंसी ने करीब 380 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है। ईडी अब तक 81 आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में शिकायतें भी दर्ज करा चुकी है। ताजा छापेमारी में मिले सबूतों के आधार पर आने वाले दिनों में कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button