
शारदा चौक और तलवापारा से 2 बटनदार चाकू बरामद; जांजगीर पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर भेजा जेल।
जांजगीर-चांपा। सार्वजनिक मार्ग पर धारदार हथियार चमकाकर आने-जाने वाले लोगों को डराने-धमकाने वाले दो असामाजिक तत्वों को कोतवाली थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों युवकों को किसी संगीन वारदात को अंजाम देने से पहले ही धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से 2 नग धारदार बटनदार चाकू जब्त कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पेट्रोलिंग के दौरान मिली मुखबिर सूचना
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) द्वारा असामाजिक तत्वों एवं गुंडा-बदमाशों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देशों के तहत कोतवाली पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क एवं सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि शारदा चौक और तलवापारा क्षेत्र में दो युवक खुलेआम धारदार चाकू लहराकर राहगीरों में दहशत फैला रहे हैं।
घेराबंदी कर पकड़े गए दोनों आरोपी
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पकड़े गए आरोपियों में हरीश चौहान (21 वर्ष, निवासी तलवापारा) और पृथ्वीराज सूर्यवंशी (23 वर्ष, वार्ड नंबर 10 तलवापारा) शामिल हैं। तलाशी लेने पर दोनों के पास से लोहे के धारदार बटनदार चाकू बरामद किए गए।
आर्म्स एक्ट के तहत जेल दाखिल
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध पृथक-पृथक आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, प्रधान आरक्षक राकेश राठौर, प्रकाश चंद्र राठौर, आलोक शर्मा, आरक्षक विनोद राठौर एवं दिलीप सिंह का सराहनीय योगदान रहा।



