कलश यात्रा के साथ श्रीमद भागवत कथा का शुभारंभ, भक्तिमय हुआ वातावरण

जांजगीर-चांपा। ग्राम डोंगाकोहरौद के शिरीष पाठ मार्ग स्थित धीवर परिवार के निवास पर श्रीमद भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। सात अप्रैल को गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कलश यात्रा के पश्चात श्रीमद भागवत महापुराण का विधि-विधान से पूजन कर कथा की शुरुआत की गई।
आचार्य उमाशंकर पाण्डेय करा रहे कथा रसपान
इस धार्मिक अनुष्ठान के व्यासपीठ पर गांव के ही विद्वान आचार्य उमाशंकर पाण्डेय विराजित हैं। वे अपनी सुमधुर वाणी से श्रद्धालुओं को भागवत महिमा और भगवान की विभिन्न लीलाओं का रसपान करा रहे हैं। कथा के पहले दिन भागवत महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने भक्ति के महत्व को समझाया।
14 अप्रैल को होगा समापन
यह आयोजन काशीराम धीवर, श्रीमती जता बाई एवं हिंछाराम उपासीन बाई धीवर परिवार द्वारा कराया जा रहा है। कथा का समापन 14 अप्रैल को गीता पाठ, तुलसी वर्षा, सहस्त्र धारा और ब्राह्मण भोजन के साथ होगा। आयोजन को लेकर धीवर परिवार और आसपास के भक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
श्रद्धालुओं से अपील
आयोजक परिवार ने समस्त ग्रामवासियों एवं क्षेत्र के श्रद्धालुओं से प्रतिदिन आयोजित होने वाली इस कथा श्रवण का लाभ लेने और पुण्य के सहभागी बनने की अपील की है। शाम होते ही कथा स्थल भक्ति के रंग में सराबोर नजर आ रहा है।




