जाँजगीर -चाँपाहादसा

जांजगीर में भीषण सड़क हादसा: खड़ी ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार कार; सास, दामाद और 2 साल के मासूम की मौत, 3 गंभीर

जांजगीर-चांपा: जिले के नेशनल हाईवे पर चांपा-कोरबा मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। रिसेप्शन पार्टी से खुशियां मनाकर लौट रहे सोनी परिवार की कार फरसावनी के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। इस टक्कर में सास, दामाद और उनके ढाई साल के नाती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं।

खुशियां मातम में बदली
मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी सोनी परिवार अपनी भतीजी की शादी के रिसेप्शन में शामिल होने के लिए 27 अप्रैल की रात चांपा आया था। जश्न के बाद बीती रात परिवार के 6 सदस्य और एक मासूम बच्चा कार में सवार होकर वापस कोरबा लौट रहे थे। इसी दौरान फरसवनी टोल नाका के पास उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई।

खौफनाक मंजर: ट्रक के नीचे घुसी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से निकालकर चांपा के बीडीएम अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में इन्होंने गंवाई जान
अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया:
मोगरा सोनी (45 वर्ष) – सास
देवेंद्र सोनी (22 वर्ष) – दामाद
प्रियांशु सोनी (2.5 वर्ष) – मासूम नाती

घायलों की स्थिति गंभीर
हादसे में घायल राहुल सोनी (25 वर्ष), ऋतु सोनी (15 वर्ष) और वर्षा सोनी (23 वर्ष) की हालत नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर और कोरबा के उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है।

पुलिस की कार्रवाई
चांपा पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। फिलहाल शून्य में अपराध दर्ज कर मामला संबंधित थाना क्षेत्र को स्थानांतरित किया जाएगा। सड़क किनारे खड़े ट्रकों के कारण होने वाले हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में एक बार फिर आक्रोश देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button