अवैध खनन व परिवहन पर प्रशासन का बड़ा एक्शन: जांजगीर-चांपा में 3 हाईवा और 5 ट्रैक्टर जब्त, 8 मामले दर्ज

कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई; बिर्रा, शिवरीनारायण व बम्हनीडीह क्षेत्र में हड़कंप
🔴 जांजगीर-चांपा। जिले में रेत और अन्य गौण खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग के संयुक्त दल ने बम्हनीडीह, बिर्रा, शिवरीनारायण और आसपास के क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर खनिजों का अवैध परिवहन कर रहे 3 हाईवा और 5 ट्रैक्टरों को जब्त किया है। प्रशासन की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
पिपरदा, बिर्रा और शिवरीनारायण क्षेत्र में औचक जांच
खनिज अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, संयुक्त जांच दल ने पिपरदा, पुछेली, बिर्रा, गतवा और शिवरीनारायण क्षेत्र में औचक दबिश दी। जांच के दौरान बिना वैध दस्तावेज और अनुमति के खनिजों का परिवहन करते पाए जाने पर ग्राम पिपरदा से 1 हाईवा, बिर्रा क्षेत्र से 2 ट्रैक्टर, शिवरीनारायण से 3 ट्रैक्टर और केवा नवापारा क्षेत्र से 2 हाईवा को खनिज नियमों के तहत जब्त किया गया।
रेत, गिट्टी और ईंट के कुल 8 प्रकरण दर्ज
जब्त किए गए सभी वाहनों को सुरक्षार्थ नजदीकी बिर्रा थाना, शिवरीनारायण थाना और कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ा कराया गया है। पकड़े गए वाहनों में अवैध रेत परिवहन के 5 मामले, गिट्टी परिवहन का 1 मामला तथा ईंट परिवहन के 2 मामले सहित कुल 8 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
खनिज अधिनियम के तहत होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन द्वारा दर्ज इन सभी मामलों पर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23(ख) तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 के तहत अर्थदंड और कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध उत्खनन, परिवहन और अवैध भंडारण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी अनवरत जारी रहेगा।




