छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपाहादसा

देवरी पिकनिक स्पॉट हादसा: हसदेव नदी में बहे तीनों कॉलेज छात्रों के शव बरामद

सेल्फी लेते वक्त पैर फिसलने से हुआ था दर्दनाक हादसा; प्रशासन ने टापू पर आवाजाही रोकने बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने के दिए निर्देश

🔴 जांजगीर-चांपा। बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध देवरी पिकनिक स्पॉट पर हसदेव नदी के तेज बहाव में बहे तीनों कॉलेज छात्रों के शव अंततः बरामद कर लिए गए हैं। शनिवार को एक छात्र का शव मिलने के बाद, रविवार तड़के एसडीआरएफ (SDRF) और डीडीआरएफ (DDRF) की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत कर बाकी दोनों छात्रों के शवों को भी नदी से बाहर निकाल लिया। करीब 48 घंटे से चल रहा सघन सर्च ऑपरेशन समाप्त होने के बाद तीनों शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलौदा लाया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।

बिलासपुर से पिकनिक मनाने पहुंचे थे 8 छात्र-छात्राएं

बिलासपुर स्थित चौकसे कॉलेज में बी.फार्मा प्रथम वर्ष में अध्ययनरत 4 छात्र और 4 छात्राएं शुक्रवार को देवरी पिकनिक मनाने पहुंचे थे। दोपहर के समय पवन लाल, सचिन सिंह और मुरारी साहू नदी किनारे चट्टानों पर खड़े होकर सेल्फी लेने लगे। इसी दौरान पैर फिसलने से एक छात्र सीधे नदी के गहरे और तेज बहाव में जा गिरा। उसे डूबता देख बचाने के प्रयास में बाकी दोनों साथी भी पानी में कूद पड़े। बहाव इतना भीषण था कि देखते ही देखते तीनों पानी के भंवर में समा गए।

रविवार सुबह पत्थरों की खोह से निकाले गए शव

हादसे की सूचना पर बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस बल के साथ पहुंचे और तत्काल बिलासपुर से एसडीआरएफ व डीडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।

  • शनिवार: रेस्क्यू टीम ने पहले छात्र पवन लाल का शव नदी से निकाला था।
  • रविवार सुबह 6:15 बजे: अंबिकापुर निवासी सचिन सिंह का शव पानी से बरामद किया गया।
  • रविवार सुबह 7:00 बजे: तीसरे छात्र मुरारी साहू का शव नदी के भीतर पत्थरों के बीच एक खोह में फंसा मिला, जिसे गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

अस्पताल में पोस्टमार्टम जारी, परिजनों में पसरा मातम

बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तीनों शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। अस्पताल परिसर में परिजनों और साथी छात्रों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूर्ण होते ही शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

टापू की ओर जाने वाले रास्ते पर लगेगी बैरिकेडिंग

इस हृदयविदारक घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया है। भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थानीय एसडीएम ने देवरी पिकनिक स्पॉट के जोखिम भरे क्षेत्रों और टापू की ओर जाने वाले रास्तों पर तत्काल बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही गहरे पानी और तेज बहाव वाले संवेदनशील स्थलों पर स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं, ताकि बारिश के मौसम में पर्यटकों को खतरनाक स्थानों पर जाने से रोका जा सके।

img 20260913 1229363172890721957577423

Related Articles

Back to top button