क्राइमजाँजगीर -चाँपा

इंस्टाग्राम पर अश्लील पोस्ट की धमकी देकर ब्लैकमेल! बलौदा पुलिस ने आरोपी को दबोचा

युवती को बदनाम करने की कोशिश, आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई के बाद आरोपी न्यायिक रिमांड पर

जांजगीर चाम्पा। सोशल मीडिया के माध्यम से युवती को बदनाम करने की नीयत से अश्लील फोटो-वीडियो पोस्ट करने की धमकी देने वाले आरोपी को बलौदा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79 एवं आईटी एक्ट 66(C) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी विद्यासागर जोशी (21 वर्ष), निवासी चिल्फी जिला मुंगेली, पीड़िता का परिचित था। दोनों के बीच पहले से जान-पहचान और मित्रता थी। इसी दौरान आरोपी ने पीड़िता की जानकारी के बिना उसके फोटो अपने मोबाइल में सुरक्षित कर लिए थे।

इसके बाद आरोपी ने इन फोटो का दुरुपयोग करते हुए पीड़िता को इंस्टाग्राम पर अश्लील फोटो-वीडियो पोस्ट करने की धमकी दी। साथ ही आपत्तिजनक संदेश भेजकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

पीड़िता की शिकायत पर थाना बलौदा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
धारा 79 BNS एवं आईटी एक्ट 66(C) के तहत कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवार, महिला प्रधान आरक्षक राजकुमारी मार्को तथा आरक्षक रज्जू रात्रे और टिकेश्वर राठौर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध के मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button