चांपा में चला बुलडोजर: अंडरब्रिज के पास अवैध निर्माण ध्वस्त, अतिक्रमणकारियों में मचा हड़कंप

नोटिस के बाद भी जारी था काम; पुलिस और राजस्व अमले की मौजूदगी में हुई कार्रवाई, 10 सितंबर को फिर चलेगा अभियान

जांजगीर चांपा। 05 सितंबर 2026। चांपा नगर में शासकीय और रेलवे भूमि पर बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ रेलवे प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। चांपा से भोजपुर मार्ग की ओर जाने वाले अंडरब्रिज से बाहर निकलते ही रेलवे क्षेत्र से सटाकर कुछ लोगों द्वारा अवैध निर्माण कराया जा रहा था। रेलवे प्रशासन द्वारा पूर्व में संबंधित व्यक्तियों को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य तत्काल बंद करने और अवैध निर्माण हटाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद काम जारी रहने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया।
प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

रेलवे प्रशासन ने स्थानीय सिविल प्रशासन को मामले से अवगत कराते हुए संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई। शनिवार, 5 सितंबर को राजस्व अधिकारियों और चांपा पुलिस बल की मौजूदगी में रेलवे की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की निगरानी में बुलडोजर चलाकर पूरे अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया गया।
10 सितंबर को भी चलेगा अतिक्रमण विरोधी अभियान
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि रेलवे की जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगामी 10 सितंबर को भी रेलवे क्षेत्र में चिह्नित अन्य अतिक्रमणों को हटाने की व्यापक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि दोबारा रेलवे क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण किया गया तो संबंधितों के विरुद्ध और अधिक कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रेलवे की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है।





