Chhattisgarh

बिजली आधा, बिल ज्यादा: भाजपा सरकार ने जनता को दिया 440 वोल्ट का झटका – शेषराज हरबंश

बिजली दर वृद्धि को लेकर कांग्रेस का हमला, फैसले को बताया जनता, किसानों और व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ

🔴 Aaj Ki Baat News | सक्ती

छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में की गई वृद्धि को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बढ़ी हुई बिजली दरों के विरोध में गुरुवार को सक्ती में आयोजित पत्रकार वार्ता में पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला।

महंगाई के बीच जनता पर बढ़ाया बोझ : हरबंश

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक शेषराज हरबंश ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है। ऐसे समय में बिजली दरों में वृद्धि कर सरकार ने आम लोगों, किसानों और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जनता को राहत देने के बजाय “440 वोल्ट का झटका” दिया है। उनका कहना था कि एक ओर बिजली आपूर्ति की स्थिति संतोषजनक नहीं है, वहीं दूसरी ओर उपभोक्ताओं के बिजली बिल लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

कांग्रेस ने किया फैसले का विरोध

कांग्रेस ने बिजली दरों में वृद्धि का विरोध करते हुए कहा कि इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं, किसानों और छोटे व्यवसायियों पर पड़ेगा। पार्टी का आरोप है कि सरकार जनता को राहत देने में विफल रही है और बढ़ती महंगाई के बीच यह निर्णय लोगों की मुश्किलें और बढ़ाएगा। शेषराज हरबंश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर इस मुद्दे पर संघर्ष जारी रखेगी और बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने की मांग करती है।

आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार से बिजली दर वृद्धि के फैसले को वापस लेने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार ने निर्णय वापस नहीं लिया तो प्रदेशभर में जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष रश्मि गबेल, घनश्याम देवांगन, बलराम पांडेय, राकेश रामेर, प्यारे लाल कुँवर, लाला सोनी, पवन साहू, पुरुषोत्तम साहू, कुसुम यादव, पिंटू ठाकुर सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button