Chhattisgarh

शिक्षा ही प्रगति का सबसे सशक्त माध्यम, शिक्षक गढ़ते हैं राष्ट्र की नींव: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

बेमेतरा में 81 सेवानिवृत्त शिक्षक और 42 मेधावी छात्र सम्मानित; शहर को 2 करोड़ के गौरव पथ व तिवरिया में विद्युत सब-स्टेशन की सौगात

img com 2026091319514974723369785429034325852

🔴 रायपुर। शिक्षा व्यक्ति, समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे मजबूत आधार है। जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा अत्यंत आवश्यक है और इस पूरी प्रक्रिया में शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक बच्चों को केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व को गढ़कर उनमें संस्कार भरते हैं और समाज व राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करते हैं। यह बात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय शिक्षक एवं प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कही।

81 सेवानिवृत्त शिक्षकों और 42 मेधावियों का हुआ सम्मान

समारोह में मुख्यमंत्री साय ने जिले के 81 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही बोर्ड एवं महाविद्यालयीन परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के 42 मेधावी छात्र-छात्राओं को सामाजिक संस्थाओं की ओर से गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक अपने ज्ञान और अनुभव से पीढ़ियों का निर्माण करते हैं, इसलिए उन्हें राष्ट्र निर्माता कहा जाता है। इस अवसर पर प्रबुद्ध नागरिकों एवं संस्थाओं द्वारा प्रकाशित ‘शिक्षक स्मृति’ पत्रिका का भी विमोचन किया गया।

बेमेतरा को गौरव पथ और विद्युत सब-स्टेशन की सौगात

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने बेमेतरा जिले के विकास के लिए दो बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने बेमेतरा शहर में गौरव पथ के निर्माण हेतु 2 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत करने तथा ग्राम पंचायत तिवरिया में नवीन विद्युत सब-स्टेशन की स्थापना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के साथ-साथ सड़क, बिजली, पेयजल और अधोसंरचना के विस्तार के लिए निरंतर काम कर रही है।

img com 2026091319514955308668770274229568030

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर देना सरकार का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में पीछे न रहे, इसके लिए सरकार छात्रवृत्ति, प्रोत्साहन योजनाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु नालंदा परिसर जैसी आधुनिक लाइब्रेरी का विस्तार कर रही है। नई दिल्ली में भी राज्य के छात्रों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। समारोह में जल संरक्षण के लिए ‘मोर गांव मोर पानी’ महाअभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली जनपद पंचायत बेमेतरा, बेरला एवं नवागढ़ को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

img com 2026091319514983831913934003798923069

उपमुख्यमंत्री व खाद्य मंत्री ने भी किया संबोधित

समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में गुरु का स्थान सर्वोपरि है। शिक्षक अज्ञानता का अंधकार मिटाकर नई पीढ़ी को सही दिशा दिखाते हैं। खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार भी आवश्यक हैं और शिक्षक दीपक की तरह ज्ञान फैलाकर बच्चों का भविष्य संवारते हैं।

इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू, ईश्वर साहू, रजककार विकास बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक, गौ सेवा आयोग उपाध्यक्ष स्वामी राजीव लोचन दास, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button