‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने कलेक्टर ने की अपील: 17 सितंबर की शाम घर-घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’

सक्ती जिले में महीने भर चलेंगे सेवा और हितग्राहीमूलक कार्यक्रम; जनपदों, गांवों और कार्यालयों में एक साथ होगा दीप प्रज्वलन
🔴 आज की बात News | सक्ती। केंद्र एवं राज्य शासन के निर्देशानुसार सक्ती जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने जिले के समस्त नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने की अपील की है।
17 सितंबर की शाम 7 बजे जिलेभर में जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने बताया कि अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर की शाम 7 बजे सभी जनपदों, गांवों, शासकीय कार्यालयों और घर-घर में एक साथ दीप प्रज्वलन किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कर सेवा, सद्भाव और जनभागीदारी का संदेश देने का आग्रह किया है।
महीने भर आयोजित होंगी विविध रचनात्मक गतिविधियां
कलेक्टर ने जानकारी दी कि 17 सितंबर की संध्या दीप प्रज्वलन के साथ अभियान की औपचारिक शुरुआत होगी। इसके बाद एक माह के दौरान जिलेभर में ‘सेवा संकल्प यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ विषय पर रंगोली व चित्रकला प्रतियोगिताएं सहित विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा जमीनी स्तर पर हितग्राहीमूलक योजनाओं और जनसेवा गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।
सभी वर्गों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान
कलेक्टर ने जिले के जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, बुजुर्गों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों और मीडिया प्रतिनिधियों सहित आम नागरिकों से अपील की है कि वे 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर अभियान से जुड़ें और इसे एक व्यापक जन अभियान बनाएं।



