प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा का भव्य आयोजन: जांजगीर कार्यालय में होगा सुंदरकांड पाठ, प्रज्वलित होंगे दीप

17 सितंबर को पीएम मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना को लेकर जुटेंगे कार्यकर्ता, जिला संगठन ने की अपील
🔴आज की बात News | जांजगीर-चांपा। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जांजगीर-चांपा द्वारा 17 सितंबर को विभिन्न धार्मिक एवं सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ भाजपा जिला कार्यालय जांजगीर में सुबह 11:00 बजे भक्तिभाव से सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा।
भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा और शुभकामना दिवस के रूप में मनाया जाएगा। तय कार्यक्रम के अनुसार, सुबह जिला भाजपा कार्यालय में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता सामूहिक रूप से शामिल होंगे। इसके उपरांत नगर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन की मंगलकामना करते हुए ‘आशीर्वाद के दीप’ प्रज्वलित किए जाएंगे।
भाजपा जिला संगठन ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, मोर्चा-प्रकोष्ठों के सदस्यों और कार्यकर्ताओं से दोनों कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल व मजबूत नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उनके जन्मदिन के पावन अवसर पर ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की प्रार्थना की जाएगी।




