श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ से दिवंगत आत्माओं को मिलती है आवागमन से मुक्ति: राजेश्री महन्त

जांजगीर में भोपालपुरिया परिवार के अनुष्ठान में पहुंचे दूधाधारी मठ पीठाधीश्वर, अयोध्या धाम के राघवाचार्य जी महाराज के व्यासपीठ का लिया आशीर्वाद
🔴 आज की बात News | जांजगीर चाम्पा। जांजगीर में भोपालपुरिया परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ में पूर्व विधायक एवं श्री शिवरीनारायण मठ के पीठाधीश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज सम्मिलित हुए। यहां व्यास पीठ पर अयोध्या धाम से पधारे अनंत श्री विभूषित राघवाचार्य जी महाराज विराजित हैं। आचार्य जी के विशेष आग्रह पर उपस्थित श्रद्धालु श्रोताओं को आशीर्वचन देते हुए महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त जी ने श्रीमद्भागवत कथा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला।
पूर्वजों के पुण्य और भगवत् कृपा से होते हैं ऐसे अनुष्ठान: राजेश्री महंत

श्रोताओं को संबोधित करते हुए राजेश्री महन्त जी महाराज ने कहा कि पूर्वजों के मोक्ष की कामना से आयोजित इस पावन यज्ञ से दिवंगत आत्माओं को संसार के आवागमन से निश्चित ही मुक्ति मिलेगी। उन्होंने कहा कि जब पूर्वजों का असीम पुण्य और प्रभु की विशेष कृपा होती है, तभी ऐसे आध्यात्मिक आयोजन संभव होते हैं। व्यास पीठ पर विराजित राघवाचार्य जी महाराज देश के शीर्षस्थ विद्वानों में से एक हैं और उनका आगमन क्षेत्र के लिए सौभाग्य की बात है। वहीं कथा व्यास राघवाचार्य जी ने कहा कि संतों के पदार्पण से ही आयोजन सफल और पावन हो जाता है।
नैला और राहौद के आयोजनों में भी हुए शामिल
भोपालपुरिया परिवार के आयोजन के बाद राजेश्री महन्त जी महाराज भारत राइस मिल नैला में बसईवाल परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा तथा नगर पंचायत राहौद में देवांगन परिवार के जन्मोत्सव कार्यक्रम में भी शामिल हुए और लोगों को अपना आशीर्वाद प्रदान किया।

इन धार्मिक व सामाजिक आयोजनों में राजेश्री महन्त जी के साथ मुख्य रूप से अधिवक्ता विजय दुबे, कमलेश सिंह, प्रमोद सिंह, हर प्रसाद साहू, मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव एवं हर्ष दुबे विशेष रूप से उपस्थित रहे।




