दुर्ग में DGGI की बड़ी कार्रवाई: कुम्हारी में नकली गुटखा फैक्ट्री पर छापा, 2 मशीनें और 30 बोरा तैयार गुटखा जब्त

सितार ब्रांड के नाम पर अवैध निर्माण की आशंका, लाखों का माल जब्त कर दस्तावेजों की जांच में जुटी टीम
🔴 आज की बात News | दुर्ग । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की टीम ने रविवार को कुम्हारी के स्टेशन चौक स्थित एक संदिग्ध फैक्ट्री और गोदाम पर दबिश दी। इस छापामार कार्रवाई में टीम ने गुटखा निर्माण में प्रयुक्त होने वाली दो अत्याधुनिक मशीनें और करीब 30 बोरा तैयार गुटखा जब्त किया है। सूत्रों के मुताबिक, यहां ‘सितार’ कंपनी के नाम से अवैध रूप से गुटखा तैयार कर बाजार में खपाने की तैयारी चल रही थी।
गोपनीय सूचना पर 3 गाड़ियों में पहुंची टीम
जानकारी के अनुसार, DGGI को कुम्हारी क्षेत्र में टैक्स चोरी और नियमों के विपरीत अवैध गुटखा निर्माण की पुख्ता सूचना मिली थी। इनपुट के आधार पर करीब 10 से 12 अधिकारियों और कर्मचारियों का दल तीन वाहनों में मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर को घेर लिया। जांच दल ने फैक्ट्री व गोदाम में मौजूद मशीनों, कच्चे माल, तैयार गुटखे और खरीद-बिक्री से जुड़े समस्त दस्तावेजों को अपने कब्जे में लेकर गहन पड़ताल शुरू की।
लाखों का माल जब्त, टैक्स चोरी की जांच
कार्रवाई के दौरान गुटखा पैकिंग व निर्माण की दो बड़ी मशीनों के साथ करीब 30 बोरा तैयार गुटखा जब्त किया गया है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक जब्त सामग्री की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। हालांकि, वास्तविक मूल्य और टैक्स देनदारी का सटीक आंकड़ा दस्तावेजों की स्क्रूटनी पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
सुरेश गुप्ता का बताया जा रहा गोदाम
बताया जा रहा है कि यह गोदाम सुरेश गुप्ता नामक व्यक्ति का है। जांच टीम कारोबारी दस्तावेजों का मिलान कर यह पता लगा रही है कि इस निर्माण और बिक्री में जीएसटी नियमों की कितनी अनदेखी की गई है। कार्रवाई पूरी होने के बाद टीम जब्त माल और मशीनों को लेकर रायपुर रवाना हो गई। विभाग की ओर से जांच पूरी होने के बाद आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।




