कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक: अवैध शराब पर सख्त कार्रवाई और सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश

सेवा सेतु पोर्टल के आवेदनों में देरी पर तय होगी जिम्मेदारी; सेवा संकल्प शिविरों में रोजगार व लोन मेला लगाने की तैयारी
🔴 आज की बात News | जांजगीर चाम्पा। जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा (TL) की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के लंबित मामलों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अवैध शराब के निर्माण व भंडारण पर चलेगा नष्टीकरण अभियान
आबकारी विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर कड़ा रुख अपनाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि अवैध शराब निर्माण के ठिकानों पर विशेष अभियान चलाकर सामग्री का विनष्टीकरण किया जाए। इसके साथ ही अवैध शराब से जुड़ी कोई भी शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सेवा सेतु पोर्टल में लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी
कलेक्टर ने सेवा सेतु पोर्टल की समीक्षा के दौरान स्पष्ट किया कि पोर्टल पर आने वाले आम नागरिकों के आवेदनों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आमजन को ऑनलाइन शासकीय सेवाओं का लाभ सुगमता से पहुंचाना प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता है। आवेदनों के निराकरण में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
सड़कों की मरम्मत और टेंडर प्रक्रिया में तेजी के निर्देश
बैठक में निर्माण विभागों से जिले की सड़कों की वर्तमान स्थिति का ब्यौरा लिया गया। कलेक्टर ने मरम्मत योग्य सड़कों की संख्या, स्वीकृत सड़कों, टेंडर प्रक्रिया तथा निर्माण कार्य प्रारंभ होने की समय-सीमा की जानकारी लेते हुए सड़कों की मरम्मत व डामरीकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
शिविरों में लगेंगे रोजगार और लोन मेले
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों में रोजगार एवं लोन मेला आयोजित करने की तैयारी के निर्देश दिए गए। इसके लिए पंचायत, रोजगार, उद्योग और बैंक समन्वय बनाकर कार्ययोजना तैयार करेंगे, ताकि शिविर स्थल पर ही युवाओं को रोजगार के अवसर और स्वरोजगार के लिए ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




