Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

शिवरीनारायण महोत्सव का शुभारंभ: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की 63 करोड़ के नए पुल की घोषणा; कहा- ‘आस्था व विकास से संवरेगा छत्तीसगढ़’

एसटीपी प्लांट की स्थापना और राम वनगमन परिपथ के तहत होगा विकास; नगर पंचायत को नगरपालिका बनाने कराया जाएगा सर्वे

🔴 आज की बात News | शिवरीनारायण/रायपुर। माता शबरी की पावन नगरी शिवरीनारायण में तीन दिवसीय ऐतिहासिक ‘शिवरीनारायण महोत्सव’ का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देते हुए महानदी पर 63 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले नए पुल के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने नगर के गंदे पानी के वैज्ञानिक शोधन के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की स्थापना, राम वनगमन पर्यटन परिपथ के तहत शिवरीनारायण के समग्र विकास और नगर को नगरपालिका का दर्जा देने के लिए आवश्यक सर्वे कराने का बड़ा ऐलान किया।

आवागमन होगा सुगम, महानदी का संरक्षण सुनिश्चित

महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि शिवरीनारायण का धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष स्थान है। यहां की बढ़ती आबादी और भावी आवश्यकताओं को देखते हुए नागरिक सुविधाओं और आधारभूत ढांचे का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महानदी पर 63 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए पुल से क्षेत्र में आवागमन अत्यंत सुगम होगा और आसपास के दर्जनों गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। वहीं, एसटीपी प्लांट लगने से नगर की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी और महानदी का जल प्रदूषित होने से सुरक्षित रहेगा।

‘माता शबरी के बुलावे पर सपत्नीक पहुंचा हूं’: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि और शिवरीनारायण महोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम के चरण कमलों से पावन हुई माता शबरी की इस पवित्र धरती पर सपत्नीक आना उनके लिए परम सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि शिवरीनारायण आस्था, भक्ति और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की जीवंत पहचान है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान गौ माता का पूजन किया और मां चित्रोत्पला गंगा की संध्या महाआरती में सम्मिलित होकर छत्तीसगढ़ के प्रत्येक परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

‘मोदी की गारंटी’ को तेजी से धरातल पर उतार रही सरकार

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की प्राथमिकताओं को साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हर गारंटी को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। सरकार बनने के महज 24 घंटे के भीतर पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए, जिनमें से 11.5 लाख से अधिक मकान बनकर तैयार हो चुके हैं और रोजाना करीब 1600 आवासों का निर्माण हो रहा है। इसके साथ ही आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए 15 हजार तथा पीएम-जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए 32 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं।

किसानों, महिलाओं और वनांचल वासियों को आर्थिक संबल

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी की जा रही है और किसानों की सुविधा के लिए 250 से अधिक नए केंद्र खोले गए हैं। तेंदूपत्ता संग्रहण दर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा करने के साथ संग्राहकों को चरण पादुकाएं दी जा रही हैं। ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत प्रदेश की माताओं-बहनों को हर महीने 1000 रुपये सीधे खाते में देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। इसके अलावा ‘श्रीरामलला दर्शन योजना’ के तहत अब तक राज्य के 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या धाम के दर्शन कर चुके हैं।

बस्तर में विकास की बयार और डिजिटल सुशासन

मुख्यमंत्री ने बताया कि नियद नेल्लानार योजना और अग्रणी बस्तर अभियान के माध्यम से बस्तर के सुदूर क्षेत्रों में 421 बंद पड़े स्कूलों को दोबारा शुरू किया गया है। वहीं प्रशासनिक पारदर्शिता के लिए सुशासन एवं अभिसरण विभाग का गठन किया गया है। सेवा सेतु पोर्टल पर 36 विभागों की 700 से अधिक ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और 6 हजार ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं।

समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू तथा जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने भी सभा को संबोधित कर जल संरक्षण और नदी संवर्धन को जनआंदोलन बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

इस भव्य आयोजन के दौरान वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय, राजेश्री महंत रामसुंदर दास, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नारायण चंदेल, पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button