क्राइमजाँजगीर -चाँपा

नैला दुर्गा पंडाल से बाइक पार करने वाले 2 शातिर चोर तिल्दा से गिरफ्तार, चोरी की HF डीलक्स बरामद

दर्शन करने गए युवक की मोटरसाइकिल लेकर हुए थे फरार; मुखबिर की सूचना पर नैला पुलिस ने रायपुर जिले में दी दबिश

🔴 जांजगीर-चांपा। नैला में दुर्गा पूजा दर्शन के दौरान पंडाल के बाहर से मोटरसाइकिल चोरी करने वाले दो अंतरजिला चोरों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। चौकी नैला पुलिस ने तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से रायपुर जिले के तिल्दा क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोचा। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई है।

दर्शन के दौरान दुकान के पास से पार की थी बाइक

मिली जानकारी के अनुसार, कुरदा निवासी प्रार्थी मनुप्रताप पटेल 16 अक्टूबर 2026 को अपनी एचएफ डीलक्स बाइक (क्रमांक CG-11-AX-8456) से नैला स्थित दुर्गा पंडाल में दर्शन करने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक नहरिया बाबा मंदिर रोड स्थित एक दुकान के पास खड़ी की थी। करीब एक घंटे बाद जब वे लौटकर आए, तो मोटरसाइकिल गायब मिली। आसपास काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं लगा, तो प्रार्थी ने चौकी नैला में चोरी की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई।

तिल्दा के नेवरा में दबिश देकर दो संदेहियों को पकड़ा

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने सघन पड़ताल शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि चोरी गई उक्त मोटरसाइकिल को रायपुर जिले के तिल्दा क्षेत्र के दो युवक चला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम नेवरा (तिल्दा) पहुंचकर घेराबंदी की और मुनेश्वर प्रसाद निषाद (20 वर्ष) तथा आयुष धीवर (19 वर्ष) को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मिलकर नैला से मोटरसाइकिल चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया।

चोरी की गाड़ी बरामद, दोनों को भेजा गया जेल

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल विधिवत जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव, प्रधान आरक्षक जगदीश अजय, राधेश्याम पूर्णा, आरक्षक संतोष प्रधान एवं डीकेश्वर साहू की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button