लोकतंत्र की मर्यादा सर्वोपरि, भीड़तंत्र को स्वीकार नहीं किया जाएगा: मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, जांजगीर में भाजपा की विशाल पदयात्रा


“लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ” अभियान के तहत अटल चौक से कचहरी चौक तक उमड़ा जनसैलाब
कैबिनेट मंत्री, सांसद व जिलाध्यक्ष ने संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान और मतदाता सूची शुद्धिकरण का दिया संदेश
जांजगीर-चांपा। भारतीय जनता पार्टी जिला जांजगीर-चांपा द्वारा शनिवार 14 नवंबर को “लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ” अभियान के तहत विशाल पदयात्रा एवं जनसभा का आयोजन किया गया। अटल चौक जांजगीर से शुरू हुई इस पदयात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की हजारों की संख्या में सहभागिता रही। नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पदयात्रा कचहरी चौक पहुंची, जहां विशाल आमसभा आयोजित कर लोकतंत्र की गरिमा और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान का संकल्प लिया गया।

जनता का जनमत सर्वोच्च, अराजकता बर्दाश्त नहीं: गुरु खुशवंत साहेब
मुख्य वक्ता छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और जनमत का सम्मान ही लोकतंत्र की असली ताकत है। जनता के विश्वास और सहभागिता से लोकतंत्र मजबूत होता है, न कि अराजकता और भीड़तंत्र को बढ़ावा देने से।
राजनीतिक मतभेद से ऊपर राष्ट्रहित और संवैधानिक मर्यादा जरूरी: नारायण चंदेल
पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता और संवैधानिक मर्यादाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल के दौरान लोकतंत्र के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों और लोकतांत्रिक मूल्यों के उल्लंघन से जुड़े प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए जागरूक नागरिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जनभागीदारी और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान आवश्यक: कमलेश जांगड़े
सांसद कमलेश जांगड़े ने आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मजबूत लोकतंत्र की नींव जनता की सक्रिय भागीदारी और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति सम्मान पर टिकी होती है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना हर जागरूक नागरिक और जनप्रतिनिधि का दायित्व है। वहीं सौरभ सिंह ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के मुद्दे पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता को निष्पक्ष चुनाव के लिए आवश्यक बताया।

मतदाता सूची का शुद्धिकरण संवैधानिक प्रक्रिया: अम्बेश जांगड़े
भाजपा जिलाध्यक्ष अम्बेश जांगड़े ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सूची की जांच करना एक संवैधानिक प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य मृत, स्थायी रूप से पलायन कर चुके और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाकर सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाना है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव हारने के बाद कांग्रेस अपनी जिम्मेदारी लेने के बजाय सुप्रीम कोर्ट, चुनाव आयोग, ईवीएम और एसआईआर जैसी संवैधानिक प्रक्रियाओं पर सवाल खड़े करती है।
बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में रामदेव कुमावत, राजेंद्र वैष्णव, गुलाब सिंह चंदेल, छत राम देवांगन, चुन्नीलाल साहू, अमर सुल्तानिया, संतोष लहरे, शशांक शर्मा, नंद चौधरी, नंदिनी राजवाड़े, रजनी साहू, वैभव बैस एवं कार्तिकेश्वर स्वर्णकार सहित जिला व मंडल पदाधिकारी, त्रिस्तरीय पंचायत व नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।





