छत्तीसगढ़ पावर जनरेशन कंपनी की बड़ी उपलब्धि: कोयला मंत्रालय ने गारे पेलमा सेक्टर-III खदान को 5-स्टार रेटिंग से किया सम्मानित


92 प्रतिशत अंकों के साथ देश की 206 ओपनकास्ट कोयला खदानों में 20वां स्थान, लगातार पांच वर्षों से मिल रहा प्रथम पुरस्कार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं चेयरमैन सुबोध कुमार सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को दी बधाई
रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी की गारे पेलमा सेक्टर-III कोयला खदान ने राष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। भारत सरकार के कोयला मंत्रालय द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए किए गए स्टार रेटिंग मूल्यांकन में खदान को प्रतिष्ठित 5-स्टार रेटिंग प्रदान की गई है। खदान ने 92 प्रतिशत अंक हासिल करते हुए देश की 206 ओपनकास्ट कोयला खदानों में 20वां स्थान प्राप्त किया है। विशेष बात यह है कि इस खदान को पिछले पांच वर्षों से लगातार खान मंत्रालय द्वारा प्रथम पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा रहा है।
नवा रायपुर में आयोजित समारोह में प्रदान की गई ट्रॉफी
इस उपलब्धि के लिए कोयला मंत्रालय द्वारा नवा रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिसॉर्ट में आयोजित स्टार रेटिंग अवार्ड समारोह में जनरेशन कंपनी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी मुख्य अतिथि तथा केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह के पश्चात जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक एसके कटियार ने पावर कंपनी के चेयरमैन सुबोध कुमार सिंह को यह ट्रॉफी भेंट की।
मुख्यमंत्री और चेयरमैन ने टीम को दी शुभकामनाएं
खदान की इस राष्ट्रीय सफलता पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ के चेयरमैन सुबोध कुमार सिंह ने कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य की ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है और यह पूरी टीम के सामूहिक परिश्रम तथा प्रतिबद्धता का परिणाम है।
सात प्रमुख मानकों पर खरा उतरने पर मिला सम्मान
कोयला मंत्रालय द्वारा संचालित स्टार रेटिंग मूल्यांकन में देशभर की कोयला खदानों का सात प्रमुख मानकों—खनन कार्यों की दक्षता, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक तकनीक का उपयोग, वित्तीय प्रदर्शन, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन, श्रमिक कल्याण तथा सुरक्षा एवं संरक्षण—के आधार पर आकलन किया जाता है। गारे पेलमा सेक्टर-III खदान ने सुरक्षित एवं वैज्ञानिक खनन, पर्यावरणीय मानकों के पालन और श्रमिक सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह राष्ट्रीय पहचान हासिल की है।




